पठानकोट आतंकी हमले को लेकर जारी अलर्ट के बीच रोहतक में आईएसआईएस ने एक ऑनलाइन शॉपिंग वेबसाइट हैक कर ली है। हालांकि अभी कोई भी पुलिस अधिकारी आधिकारिक बयान देने के तैयार नहीं है, लेकिन पूरे मामले में पुलिस ने आतंकी संगठन की भूमिका से भी इनकार नहीं किया है।
फिलहाल अर्बन एस्टेट थाने में अज्ञात हैकर के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। तकनीकी विभाग की टीमों को भी अलर्ट कर दिया गया है। वेबसाइट पर पूरी नजर रखी जा रही है।
पुलिस को दी शिकायत में सेक्टर-14 निवासी बदलूराम मलिक ने बताया कि उनकी एलईडी और इलेक्ट्रानिक उपकरण ऑनलाइन बेचने की lumsindia.com नाम से एक वेबसाइट है। उनका कहना है कि 9 जनवरी को किसी हैकर ने उनकी वेबसाइट को हैक कर लिया। इसके बाद से ही ग्राहकों और कंपनी के कर्मचारियों को ऑनलाइन शॉपिंग में परेशानी आने लगी। जब मलिक ने खुद वेबसाइट पर लॉग इन किया तो उनका एकाउंट भी नहीं खुला।
अचानक वेबसाइट पर आतंकी संगठन आईएसआईएस से जुड़ी जानकारी सामने आने लगी। वेबसाइट पर आतंकी संगठन के नेटवर्क से जुड़े कई लिंक अपलोड कर दिए गए। इसके बाद साइट पर अलग-अलग तरह के आइकन आने लगे। साइट पर न तो ऑर्डर बुक किए गए और न ही कोई डिलीवरी हुई। इसके बाद बदलूराम को शक हुआ। जब उन्होंने आईकन को हटाने का प्रयास किया तो कोई फायदा नहीं हुआ। उन्होंने पुलिस को मामले की शिकायत दी है।
जांच अधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि वेबसाइट पर आतंकी संगठन आईएसआईएस से संबंधित जानकारी अपलोड कर दी गई है। मामले को जांच के लिए तकनीकी विभाग को भेजा गया है। साथ ही गृह मंत्रालय को भी सूचित कर दिया गया है। अभी तक हैकरों के बारे में कोई सूचना नहीं मिल सकी है। जल्द ही उच्च अधिकारियों की देखरेख में वेबसाइट को खंगाला जाएगा।