रोहतक हत्याकांड में दो गिरफ्तार
- फोटो : Social Media
रोहतक के बोहर गांव में 10 दिन पहले हुए पिता-पुत्री हत्याकांड से पर्दा उठ गया है। पारिवारिक रंजिश के चलते बोहर निवासी सुखबीर उर्फ कालू ने अपने दोस्त अमन उर्फ रिंकू के साथ अपने चाचा सुरेंद्र (47) व चचेरी बहन निकिता (14) को तीन-तीन गोली मारी थी। अपराध जांच शाखा ने आरोपियों को पंचकूला के रामगढ़ से गिरफ्तार कर शुक्रवार को अदालत में पेश किया, जहां से पांच दिन के रिमांड पर लिया गया है। अब पुलिस आरोपियों से वारदात में प्रयोग हथियार बरामद करने का प्रयास करेगी।
एसपी उदय सिंह मीना ने पत्रकारवार्ता में बताया कि 11 जनवरी को सूचना मिली कि बोहर गांव में सुरेंद्र व उसकी बेटी निकिता की किसी ने गोली मारकर हत्या कर दी है। दोनों के सिर में गोलियां मारी गई हैं। मृतक सुरेंद्र के भाई अजीत ने शिकायत दी कि उसके भाई सुरेन्द्र की शादी सीसरखास गांव की युवती रीतू के साथ हुई थी।
दोनों के बीच चार साल से अनबन चल रही है। इसके चलते रितु अपने दोनों बच्चों निकिता व हर्षित को छोड़कर मायके में रहती है। पुलिस ने रीतू व उसके भाइयों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच पड़ताल की। इसके लिए डीएसपी मुख्यालय डॉक्टर रवींद्र के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया।
टीम में सीआईए प्रथम प्रभारी अनेश व अर्बन एस्टेट थाना प्रभारी दिलबार सिंह और साइबर सेल मौजूद रहे। अब सीआईए प्रथम की टीम ने पंचकूला के रामगढ़ में दबिश देकर बोहर निवासी सुखबीर उर्फ कालू व अमन उर्फ रिंकू निवासी विजय नगर को गिरफ्तार किया है। अमन बचपन से ही बोहर में अपने मामा के घर रहता है। दोनों आपस में दोस्त हैं।
पारिवारिक रंजिश में ली जान
पुलिस के मुताबिक सुरेंद्र व आरोपी सुखबीर का मकान आमने-सामने है। छोटी-छोटी बातों लेकर सुरेंद्र व सुखबीर के बीच कहासुनी रहती थी। निकिता के साथ भी टोका-टोकी करता था। दोनों बहन-भाई के बीच कहासुनी भी हो गई थी। इसी पारिवारिक रंजिश के चलते सुखबीर ने चाचा व चचेरी बहन की हत्या की योजना बनाई। इसमें अपने दोस्त अमन को शामिल किया। दोनों ने 11 जनवरी की सुबह घर में घुसकर पहले सुरेंद्र को गोलियां मारी, जिस समय वह भैंस को चारा डालने जा रहा था। इसके बाद गहरी नींद सोई निकिता को गोलियां मार दी।
छह मामले दर्ज हैं आरोपी अमन के खिलाफ
पुलिस के मुताबिक अमन उर्फ रिंकू का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। अमन के खिलाफ हत्या का प्रयास के दो व अवैध हथियार रखना, लड़ाई-झगड़े व मारपीट के कुल 7 मामले दर्ज हैं। अमन उर्फ रिंकू की मां बोहर गांव की रहने वाली है। वह बचपन से ही गांव में रहता है। इस कारण सुखबीर व अमन में दोस्ती हो गई थी। सुखबीर ने अमन के साथ मिलकर सुरेंद्र व उसकी लड़की की हत्या करने का प्लान बनाया। जिसके तहत सुखबीर ने अमन को अपने घर पर बुला लिया। सुबह दोनों सुरेंद्र के घर में दाखिल हुए। पहले सुरेंद्र को गोली मारी, उसके बाद कमरे में सो रही निकिता को गोली मारी है। गोली मारने के बाद दोनों बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। आरोपी हरिद्वार, मनाली में रहे। अब पंचकूला के रामगढ़ में किराये पर कमरा लेने का प्रयास कर रहे थे।