सोनीपत के गांव धतूरी के पास कार की चपेट में आने से महिला की मौत हो गई। जबकि पति घायल हो गया सूचना के बाद पहुंची मुरथल थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने महिला के भाई के बयान पर कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मूलरूप से बिहार के जिला बेगूसराय के गांव ईशापुर निवासी चंदन ठाकुर ने मुरथल थाना पुलिस को बताया कि वह अपनी बहन रुक्मणी (37) और बहनोई श्रवण ठाकुर (42) के साथ गांव धतूरी में दो साल से किराये के कमरे में रहते हैं। उनके बहनोई श्रवण ठाकुर बेगूसराय के गांव वीरपुर पश्चिमी टोला के रहने वाले हैं। वे धतूरी स्थित बर्तन फैक्टरी में काम करते हैं।
उनकी बहन व बहनोई शनिवार को किसी काम से गांव धतूरी से मलिकपुर जा रहे थे। वह पैदल ही जब गांव धतूरी के बाहर शराब ठेके पास पहुंचे तो पीछे से एक कार चालक ने दोनों को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों ने हादसे के बाद उसकी बहन व बहनोई को मुरथल-सोनीपत रोड स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर उपचार के दौरान उनकी बहन रुक्मणी की मौत हो गई। उनके बहनोई की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने चंदन ठाकुर के बयान पर कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
धतूरी के पास कार की टक्कर से पैदल सडक़ पर जा रहे दंपती घायल हो गए। दोनों को अस्पताल में ले जाया गया, जहां महिला की मौत हो गई। मामले में कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
-इंस्पेक्टर रवि कुमार, थाना प्रभारी, मुरथल
पिकअप से कुचले जाने से डेढ़ साल के बच्चे की मौत
गांव बरोदा में पिकअप गाड़ी ने डेढ़ साल के मासूम को कुचल दिया। हादसे में मासूम की मौत हो गई। पिकअप चालक वाहन समेत मौके से भाग गया। पुलिस ने मृतक के पिता रविंद्र के बयान पर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
रविवार को डेढ़ साल का वंश घर के पास गली में खेल रहा था। इस दौरान एक गैस कंपनी की पिकअप गाड़ी ने मासूम को कूचल दिया। घर के पास खड़े रविंद्र ने पिकअप को रुकवाने का प्रयास किया, लेकिन चालक मौके से भाग गया। परिजन घायल वंश को इलाज के लिए नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों का आरोप है कि उन्होंने गली में ब्रेकर भी बनवाया है, लेकिन चालक तेज रफ्तार से वाहन चला रहा था।