फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सांपला में व्यापारी से रंगदारी मांगने के विरोध में बाजार बंद, एसपी के दिलासे पर खुलीं दुकानें

Sat, 28 May 2016 02:03 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, रोहतक
विज्ञापन
छह घंटे धरने पर व्यापारी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
मिठाई दुकानदार पर फायरिंग के विरोध में शुक्रवार को कस्बे के व्यापारियों ने बाजार और मंडी बंद कर विरोध जताया। वे मुख्य बाजार में सड़क पर ही धरने पर बैठ गए। उन्होंने आरोप लगाया कि बाजारों में चोरी और चेन स्नेचिंग तो पहले भी होती रही हैं, अब तो रंगदारी नहीं देने पर व्यापारी पर दिनदहाड़े फायरिंग की गई है। करीब छह घंटे बाद एसपी शशांक आनंद और डीएसपी शमशेर दहिया उन्हें समझाने पहुंचे। एसपी के बदमाशों के जल्द पकड़ने के आश्वासन के बाद व्यापारियों का आक्रोश कम हुआ। एसपी ने तुरंत मंडी में पीसीआर खड़ी करने के निर्देश दिए।
विज्ञापन


ध्यान रहे कि बृहस्पतिवार शाम को रंगदारी नहीं देने पर मिठाई दुकान के संचालक अजय और उनके कारिंदों पर अंधाधुंध फायरिंग की गई थी। इस वारदात के विरोध में शुक्रवार सुबह मंडी के व्यापारी अग्रवाल स्वीट्स के बाहर जमा हुए। व्यापारियों ने बाजार बंद कर धरना देने का फैसला लिया।

व्यापारी बाजार बंद कर थाने पहुंचे। यहां थाना प्रभारी के जवाब से असंतुष्ट व्यापारी बिफर गए और बाजार में आकर मुख्य चौक पर जाम लगा दिया। व्यापारियों ने एसपी को बुलाने की मांग रखी। करीब साढ़े ग्यारह बजे एसपी शशांक आनंद मौके पर पहुंचे और व्यापारियों से बातचीत की। एसपी ने व्यापारियों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया और कहा कि जल्द ही फायरिंग करने वाले बदमाशों को पकड़ लिया जाएगा।
विज्ञापन


हमलावरों को पकड़ने के लिए तीन टीम गठित की गईं हैं। इस संबंध में समाचाना निवासी ललित के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपी के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। एसपी के आश्वासन के बाद व्यापारियों ने धरना समाप्त कर दिया।

पुलिस पर भी होगी कार्रवाई
सांपला बाजार में पहुंचे एसपी ने कहा कि मामले को हल्के में नहीं लिया जाएगा। मामले में जो दोषी पाया जाएगा उस पर कड़ी कार्रवाई होगी, चाहें वह पुलिस अधिकारी ही क्यों न हो? व्यापारियों और आमजन को सुरक्षा देने की जिम्मेदारी पुलिस की है। पुलिस आपकी सेवा के लिए है न कि हुक्म चलाने के लिए।

बाजार में लगेंगे सीसीटीवी कैमरे
सुरक्षा के मद्देनजर सांपला के व्यापारी, नगर पालिका और सरकार की ओर से बाजार में सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाएंगे। व्यापारी चंदा जमाकर कैमरे लगवाएंगे वहीं, नगरपालिका प्रस्ताव पास करके सरकार को भेजेगी। 

मंडी में तैनात होगी पीसीआर और राइडर
वारदात के बाद जांच करने पहुंचे सब इंस्पेक्टर धर्मबीर सिंह ने व्यापारियों को आश्वासन दिया कि सुबह से शाम तक पुलिस की एक जिप्सी मंडी और आस-पास के क्षेत्र में सांपला के अलावा सादी वर्दी में भी पुलिस वाले मौजूद रहेंगे। उधर, जब तक व्यापारी की गवाही नहीं होती तब तक व्यापारी और उसके परिवार को पुलिस सुरक्षा दे दी गई है।

जब फूल गए सांपला पुलिस के हाथ-पांव
व्यापारियों ने शुक्रवार सुबह ही दुकानें बंद कर दीं और रोड पर आ गए। उनकी सांपला थाने में पुलिस के साथ गरमा-गरमी भी हुई। इसके बाद व्यापारियों ने मुख्य बाजार में जाम लगा दिया और सड़क पर ही बैठ गए। एसपी और डीएसपी शमशेर दहिया ने व्यापारियों को आश्वासन दिया तो वे मान गए। 

एसपी ने रोड पर लगा दी अदालत
एसपी शशांक आनंद ने सांपला के मुख्य बाजार में सड़क पर ही जन अदालत लगा दी। उन्होंने सभी व्यापारियों की समस्याओं को सुना और उन्हें निपटाने का भरोसा दिया। इस दौरान उन्होंने आश्वासन दिया कि जिन लोगों ने दुकान पर गोलियां बरसाईं हैं, उन्हें बहुत जल्द पकड़ लिया जाएगा। मैं खुद मध्यवर्गीय परिवार से संबंध रखता हूं और आप सब लोगों के दुख को समझता हूं।

आस-पास के हो सकते हैं हमलावर
जिस तरह से हमलावरों ने वारदात को अंजाम दिया, इससे लग रहा है वे स्थानीय रास्तों और गलियों तक से परिचित थे। अजय व्यापारी के अनुसार वारदात के पांच मिनट में पुलिस मौके पर पहुंच गई लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे।
विज्ञापन

 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें