संस्थान की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल, पुलिस पड़ताल से सामने आएगी सच्चाई
- फोटो : Demo pic
पीजीआई के सी-ब्लॉक से एमएलआर की फाइल और एक्स-रे चोरी हो गए हैं। इससे वहां की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने शुरू हो गए हैं। जिस तरह से एमएलआर फाइल और एक्स-रे जैसी महत्वपूर्ण चीजें चोरी हुईं हैं, उससे पीजीआई की कार्यप्रणाली भी सवालों के घेरे में हैं। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इसके बाद ही साफ हो पाएगा कि आखिर मामला क्या है?
पीजीआईएमएस के सी-ब्लाक के मेडिकल रिकार्ड के क्लर्क वीरेंद्र सिंह की ओर से थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है। इसमें कहा गया कि वह अपने अन्य स्टाफ के साथ बुधवार की रात कार्यालय बंद करके चले गए थे। वे वापस आए तो कार्यालय का ताला टूटा था और वहां से एमएलआर रिपोर्ट की फाइल, एक्स-रे और रिपोर्ट सब कुछ गायब थे। इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई, जिससे वहां पहुंची पुलिस ने छानबीन की। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बाद छानबीन शुरू कर दी, लेकिन सबसे बड़ा सवाल यह है कि चोर केवल एमएलआर रिपोर्ट और बने हुए एक्स-रे क्यों चोरी करेगा? क्योंकि उनको बाजार में बेचा भी नहीं जा सकता है। इनको वह चोरी कर सकते हैं, जिनको उनसे फायदा होगा या उनके सहारे कोई फंस सकता होगा। लेकिन यह जांच के बाद ही साफ होगा। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।