एक लाख का इनामी मोस्टवांटेड बदमाश हिमांशु उर्फ भाऊ जाली पासपोर्ट पर विदेश भाग गया है। इसके लिए फर्जी पते पर पासपोर्ट बनवाया है। एसटीएफ रोहतक की तरफ से भाऊ के खिलाफ शिवाजी कॉलोनी थाने में केस दर्ज कराया गया है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक हरियाणा के रोहतक के रिटौली गांव में दो पक्षों के बीच लंबे समय से रंजिश चल रही है। इसमें कई लोगों की हत्याएं हो चुकी हैं।
मार्च 2022 में गांव के अंदर तीन हत्याएं हुईं, जिनको गैंगवार से जोड़कर देखा गया। दो मार्च को गांव का युवक रोहित उर्फ बजरंग गांव में ही बैंकमित्र दलबीर के कार्यालय में बैठा था। आरोप है कि गांव का अंकित व दो अन्य लड़के आए और रोहित उर्फ बजरंग पर गोलियां चलाईं, जिससे उसकी मौत हो गई।
जब आरोपी बाहर जाने लगे तो दलबीर का पिता राजेंद्र आ गया। उसने सोचा कि दलबीर पर गोली चलाकर आए हैं। राजेंद्र ने युवकों को पकड़ने का प्रयास किया तो उसे भी गोली मार दी, जिससे उसकी भी मौत हो गई। बाद में पुलिस ने अंकित व उसके साथियों को गिरफ्तार कर लिया था। दो हत्याओं के बाद गांव के बस चालक की हत्या हुई, जिसके पीछे भाऊ गैंग का नाम सामने आया।
यह भी पढ़ें : Rewari: कंटेनर में मेवात ले जा रहे 16 गोवंशों को बजरंग दल ने कराया मुक्त, दम घुटने से चार की मौत
पुलिस ने भाऊ के तीन-चार साथियों को तो गिरफ्तार कर लिया, लेकिन भाऊ हाथ नहीं आया। वह 2019 से फरार था। अब तक पुलिस के हाथ नहीं आ सका है। उसके खिलाफ झज्जर के बेरी थाने में दो, आसौदा में एक व शिवाजी कॉलोनी थाने में पहले से दो केस दर्ज हैं।
एसटीएफ को जांच में पता लगा विदेश भागने का, अगस्त को जारी किया गया पासपोर्ट
पुलिस सूत्रों का कहना है कि बेरी थाने में सितंबर 2021 में एक केस दर्ज हुआ था, जिसकी जांच एसटीएफ रोहतक कर रही है। एसटीएफ को जांच में पता चला कि भाऊ गलत पते पर पासपोर्ट बनवाकर विदेश चला गया है। पासपोर्ट अगस्त में जारी किया गया है, जिसकी वैधता 2032 तक है। शिवाजी कॉलोनी थाना पुलिस ने भाऊ के खिलाफ एसटीएफ की शिकायत पर आईपीसी की धारा 420, 468, 471, 120बी व पासपोर्ट एक्ट 12, 3 के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस को पता लगा है कि मोस्ट वांटेड हिमांशु उर्फ भाऊ विदेश भाग गया है। उसके खिलाफ शिवाजी कॉलोनी थाने में केस दर्ज किया गया है। साथ ही प्रत्यर्पण की कार्रवाई शुरू कर दी है। इसके लिए पहले रेड कॉर्नर जारी करवाया जाएगा।
-उदय सिंह मीना, एसपी रोहतक