गांव के युवक मोहित की हत्या दिवाली के दिन गोली मारकर की गई थी। छाजू गैंग पर आरोप लगा था, पुलिस 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। अब आरोपी शिवम उर्फ डिबा निवासी अहीरपाडा खुर्जा जिला बुलंदशहर, यूपी को काबू किया गया है।
हरियाणा के रोहतक में कारोर में गैंगवार के चलते पिछले साल दिवाली के दिन हुए मोहित हत्याकांड में पुलिस ने आरोपी शिवम उर्फ डिबा निवासी अहीरपाडा खुर्जा जिला बुलंदशहर, यूपी को गिरफ्तार किया है। वीरवार को पुलिस ने उसे अदालत में पेश किया, जहां से तीन दिन के रिमांड पर लिया गया है। हत्याकांड में 10 आरोपियों को पहले काबू किया जा चुका है।
विज्ञापन
कारोर गांव में लंबे समय से छिप्पी व छाजू गैंग के बीच खूनी रंजिश चल रही है, इसमें कई लोगों की हत्या हो चुकी है। सीआईए प्रथम प्रभारी इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह ने बताया कि दिवाली के दिन 12 नवंबर 2023 को गांव में खेत से लौट रहे युवक मोहित की गोली मारकर हत्या की गई थी। उसके पिता अजीत ने आईएमटी थाने में केस दर्ज कराया था।
पुलिस की जांच में पता चला कि अजीत खेती बाड़ी का काम करता है। उसके दो बेटे हैं। दिवाली के दिन दोपहर करीब 1 बजे मोहित बाइक से खेत में गया हुआ था। अजीत ने मोहित को घर के काम से वापस घर बुला लिया।
विज्ञापन
मोहित जब खेत से वापस आ रहा था तो वह गांव में कुम्हारो वाली गली के पास पहुंचा तो गांव के पूर्व सरपंच श्रीभगवान के बेटे जतिन ने अपने साथी कपिल, पुलकित व अन्य युवकों के साथ मिलकर मोहित की गोली मारकर हत्या कर दी। अजित व अनिकेत मोहित को बचाने के लिए भागे तो युवकों ने उन पर भी फायरिंग कर दी।
मोहित के गिरने के बाद युवकों ने काफी फ़ायर किए और मौक़े से फ़रार हो गए। गोली लगने के कारण मोहित की मौके पर ही मौत हो गई। सीआईए पुलिस ने केस में जांच करते हुए जतिन व उसके करीब साथियों को पहले ही गिरफ्तार किया था। अब आरोपी शिवम उर्फ डिबा को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी का पुराना आपराधिक रिकार्ड रहा है। आरोपी के खिलाफ बागपत मे मामला दर्ज है।