पानीपत के समालखा में बुआ के यहां छात्रा से किया गया था सामूहिक दुष्कर्म
- फोटो : Demo pic
छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने वाले तीनों आरोपियों को पानीपत पुलिस भी प्रोडक्शन रिमांड पर लेकर जाएगी। पानीपत पुलिस को बृहस्पतिवार को कोर्ट से उनका प्रोडक्शन रिमांड मिल गया है। सुनारिया जेल मेें बंद तीनों आरोपियों को शुक्रवार को पुलिस अपने साथ पानीपत लेकर जा सकती है।
रोहतक के सदर थाने के एक गांव की 12वीं की छात्रा अपनी बुआ के यहां पानीपत गई थी। यहां से छात्र का रिठाल नरवाल निवासी रिंकू, प्रवीण और नीटू ने अपहरण कर लिया और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया था। छात्रा के परिजनों ने सदर थाने में शिकायत दी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इससे आहत छात्रा ने अपने घर में आत्महत्या कर ली थी और उसने सुसाइड नोट में तीनों आरोपियों का नाम लिख दिया था। उसके बाद ही सदर थाने में दोनों मुकदमे दर्ज किए गए थे, जिनमें से एक को पानीपत भेज दिया गया था और दूसरे में सदर पुलिस ने खुद कार्रवाई की। सदर थाना पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार करके कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया था। इसकी सूचना मिलने पर पानीपत पुलिस ने बुधवार को रोहतक कोर्ट में तीनों आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट पर लेने के लिए प्रार्थना पत्र दिया था। सुनारिया जेल के डीएसपी तेज सिंह ने बताया कि प्रोडक्शन वारंट जेल में पहुंचा है, पानीपत पुलिस शुक्रवार को तीनों को अपने साथ लेकर जा सकती है। पानीपत पुलिस तीनों आरोपियों से सामूहिक दुष्कर्म मामले में पूछताछ करेगी।