हरियाणा के रोहतक में एक ढाबे के बाहर खड़ी गाड़ी चोरी होने का मामला फर्जी पाया गया। पुलिस जांच में सामने आया कि गाड़ी मालिक ने खुद ही गाड़ी चोरी की झूठी कहानी रचकर गाड़ी में लदे 353 क्विंटल गेहूं को बेचकर रुपये हड़प गया था। उसके बाद गाड़ी चोरी कर उसमें लदे गेहूं की चोरी होने के बारे में पुलिस में शिकायत दी थी। मामला 4 दिसंबर 2022 का है।
पुलिस में दी शिकायत में जुलाना निवासी सतीश ने बताया था कि 27 नवंबर 2022 को वह गाड़ी में 353 क्विंटल गेहूं भरकर सिरसा से नोएडा के लिए निकला था। रास्ते में महम कस्बे के पास स्थित ढाबे पर उसने गाड़ी खड़ी कर दी व अपने घर जुलाना चला गया। वह पहली दिसंबर को गाड़ी लेने गया तो गाड़ी नहीं मिली। पूछताछ करने पर पाया कि गाड़ी वहां से 30 नवंबर शाम 6 बजे जा चुकी थी।
जीपीएस चेक करने पर दादरी रोड पर खड़ी मिली थी खाली गाड़ी
गाड़ी में लगे जीपीएस को चेक किया गया तो गाड़ी दादरी रोड पर खाली खड़ी मिली। मामले की जांच उपनिरीक्षक सतीश कादयान द्वारा अमल में लाई गई। पुलिस जांच में सतीश द्वारा बताई गई कहानी झूठी पाई जाने के बाद उस पर झूठी शिकायत देने का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर बेची गई गेहूं की बोरियों के बदले मिले रुपये बरामद किए गए।
जांच में पाया कि आरोपी खुद ही ढाबे से गाड़ी लेकर गया था। अब पुलिस ने अधीक्षक हिमांशु गर्ग के आदेशानुसार बरामद किए गए ढाई लाख रुपयों की सुपरदारी कराने के बाद असली मालिक विशाल निवासी अलीगढ़ यूपी को सौंप दिए गए हैं। आरोपी सतीश के खिलाफ कार्रवाई जारी है।