फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चिलचिलाती धूप में पांच बेटियों ने इकलौते भाई संग सैकड़ों लोगों के साथ किया तीन घंटे रोड जाम

Tue, 14 Jun 2016 02:13 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, रोहतक
विज्ञापन
सलारा मोहल्ला की नीतू की मौत मामले में परिजनों और लोगों ने सड़क पर की नारेबाजी - फोटो : amar ujala
विज्ञापन
पांच बेटियों ने अपने इकलौते भाई को लेकर सैकड़ों लोगों के साथ सड़क पर जाम लगा दिया। इनकी मांग थी कि उनकी मां के हत्यारों को पकड़ा जाए और परिवार की आर्थिक मदद की जाए। इनका आरोप था कि मामले में पुलिस ने तुरंत कार्रवाई नहीं कि इस कारण इन्हें मां की ममता की छांव से वंचित होना पड़ा है। ऐसे पुलिस वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए। चूंकि इनकी बात सुनने के लिए पुलिस प्रशासन का कोई अधिकारी नहीं पहुंचा इस कारण चिलचिलाती धूप में यह तीन घंटे तक सड़क पर बैठे रहे। इस बीच सड़क पर लंबा जाम लगा गया। सैकड़ों वाहन चालक जहां-तहां फंस गये। तीखी धूप में लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
विज्ञापन


सलारा मोहल्ला निवासी नीतू की मौत मामले ने सोमवार को तूल पकड़ लिया। महिला के परिजनों, कालोनीवासियों और जनवादी महिला समिति के सदस्यों ने आरोपियों की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने सहित कई मांगों को लेकर पीजीआई डैड हाउस से लेकर लघु सचिवालय तक जुलूस निकाला। इसके बाद महिला की पांच बेटियों ने इकलौते भाई सहित सैकड़ों लोगों के साथ आईसी कॉलेज के सामने रोड पर धरना शुरू कर दिया। मामला बढ़ता देख डीएसपी पुष्पा खत्री मौके पर पहुंची, लेकिन परिजनों ने उनकी एक नहीं सुनी। कई घंटों तक बातचीत होने के बाद पीड़ित पक्ष का एक प्रतिनिधिमंडल एसपी से मिला। एसपी ने नीतू के परिवार की मांगों पर जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद लोगों ने जाम खोला। वहीं, पुलिस ने मामले में दर्ज एफआईआर में हत्या, सबूत खुर्दबुर्द करने और एससी/एसटी एक्ट की धारा को शामिल कर लिया है, लेकिन फिलहाल किसी को नामजद नहीं किया है।

करीब 400 लोग बैठे रोड पर

सुबह करीब 10 बजे नीतू के परिजन, कालोनीवासी और जनवादी महिला समिति के सदस्य इकट्ठे होकर पीजीआई डैड हाउस पहुंचे। परिजनों ने जल्दी से जल्दी शव का पोस्टमार्टम कराने की मांग की। इसके बाद करीब 400 लोग आईसी कॉलेज के सामने पहुंचे। यहां एसपी और डीसी को बुलाने की बात कहकर रोड पर जाम लगा दिया। मौके पर किसी अधिकारी के नहीं पहुंचने पर लोगों ने पुलिस और जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। स्थिति तनावपूर्ण होते देख डीएसपी पुष्पा खत्री मौके पर पहुंची। उन्होंने परिजनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन पीड़ित पक्ष एसपी और डीसी से मिलने की मांग पर अड़े रहे। इसके बाद एक प्रतिनिधिमंडल डीएसपी पुष्पा खत्री के साथ एसपी से मिलने पहुंचा। परिजनों ने सभी मांगों के बारे में एसपी को बताया। एसपी ने सभी मांगों पर जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया।
विज्ञापन


तीन घंटे तक जाम से जूझता रहा शहर

नीतू के परिजन और सैकड़ों लोग सुबह करीब 11 बजे आईसी कॉलेज पहुंच गए थे। रोड जाम होने के कारण लघु सचिवालय से लेकर मेडिकल मोड़ तक कई जगहों पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सड़कों पर सैकड़ों वाहन फंस गए और लोग चिलचिलाती धूप में परेशान होते रहे। पुलिस की कार्यप्रणाली से गुस्साए नीतू के परिजनों ने दो बजे तक रोड जाम रखा। इस कारण मेडिकल मोड़, माडल टाउन, सोनीपत स्टैंड, लघु सचिवालय चौराहा सहित बजरंग भवन फाटक तक लोग जाम में फंसे रहे।
--
परिजनों की मांग पर एसपी का आश्वासन

नीतू के परिजनों ने पुलिस-प्रशासन से कई मांगें की। प्रशासन से नीतू के परिवार को 20 लाख रुपये का मुआवजा देने, पति को सरकारी नौकरी, प्रधानाचार्य सहित उसके दो नौकरों को गिरफ्तार करने और मामले में लापरवाही बरतने वाली गौकर्ण चौकी स्टॉफ पर कार्रवाई करने की मांग की गई। एसपी ने जल्द ही मांगों के पूरा करने का आश्वासन दिया। साथ ही जिला प्रशासन को भी मांगों से अवगत कराने की बात कही।

प्रधानाचार्य और उसके नौकरों से पूछताछ

पुलिस ने मामले में गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल की प्रधानाचार्य सहित उसके दो नौकरों से पूछताछ की है। परिजनों ने इन्हीं लोगों पर नीतू की हत्या का शक जाहिर किया है। इसके अलावा नीतू को घर से बुलाकर ले जाने वाली महिला से भी पूछताछ की जा रही है। हालांकि, अभी तक पुलिस ने मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं दिखाई है।

हाथ पर लिखे नाम को मिटाने का प्रयास

नीतू की मौत मामले में एक और बात सामने आ रही है। आरोप है कि नीतू की गला घोंटकर हत्या करने के बाद उसके दाहिने हाथ पर लिखे नाम को केमिकल से मिटाने का प्रयास किया गया। महिला के हाथ पर उसका नाम लिखा हुआ था। जनवादी महिला समिति की राज्य सह सचिव सविता ने बताया कि जब महिला का पोस्टमार्टम होने लगा तो उन्होंने देखा कि हाथ पर जहां नाम लिखा गया था वहां पर त्वचा झुलसी हुई थी।

प्रदर्शन में यह लोग रहे शामिल

प्रदर्शन में जनवादी महिला समिति की राज्य महासचिव राजकु मारी दहिया, भारत की जनवादी नौजवान सभा के राज्य सचिव संदीप सिंह, भवन निर्माण कामगार यूनियन के संजीव, सीआईटीयू के जिला सचिव प्रकाश चद्र व जिला प्रधान सतबीर पाकस्मा, किसान सभा के नेता प्रीत सिंह, नागरिक मंच से विनोद, हिम्मत की उपाध्यक्ष वीना मलिक शामिल रहे।  

मामले में संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और संदिग्धों की संलिप्तता सामने आने के बाद आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। साथ ही एफआईआर में हत्या और एससी/एसटी एक्ट की धारा शामिल कर ली गई है।
- पुष्पा खत्री डीएसपी रोहतक

यह था मामला

सलारा मोहल्ला निवासी नीतू घरों में काम कर गुजारा करती थी। उसके पांच बेटियां और एक बेटा है। पति मजदूरी करता है। नीतू के पति ने बताया कि वह 4 जून को सेक्टर-3 में एक स्कूल की प्रधानाचार्य के घर काम करने गई थी। एक दिन पत्नी को लेने के लिए प्रधानाचार्य गाड़ी लेकर आई थी। पहले दिन से ही परिजनों को कुछ गड़बड़ लग रही थी, लेकिन उन्होंने इस पर ध्यान नहीं दिया। नीतू के लापता होने के बाद वह प्रधानाचार्य से जानकारी लेने पहुंचा तो उसने सही जवाब नहीं दिया। परिजनों ने उसके अपहरण की आशंका जताते हुए पुलिस में शिकायत दी, लेकिन कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद शुक्रवार को काफी लोग एसपी आवास पहुंचे और हंगामा किया। इसके बाद डीएसपी पुष्पा खत्री ने महिला को जल्द बरामद करने आश्वासन दिया था। लेकिन रविवार को महिला का शव मिला।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें