महेंद्रगढ़ के एसडीएम उमेश सिंह मोहन के बेटे युद्धवीर सिंह (29) की सोमवार सुबह एक सड़क हादसे में मौत हो गई। एकाएक टायर फटने से कार डिवाइडर कूदकर दूसरी ओर आ गई और सामने से आ रही कार से जा टकराई। हादसे में युद्घवीर मोहन और दूसरी कार में बैठे तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल ले जाते समय 28 वर्षीय युद्घवीर ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया जबकि घायलों को दाखिल कराया गया है। युद्धवीर करनाल बिजली निगम में एसडीओ के पद पर तैनात थे।
सांपला थाना प्रभारी राजवीर सिंह ने बताया कि रोहतक की देव कॉलोनी निवासी युद्धवीर सिंह सुबह करीब 8 बजे अपनी कार से दिल्ली की तरफ जा रहे थे। जब वे चुलियाना मोड़ पर पहुंचे तो अचानक उनकी कार का टायर फट गया। टायर फटने से कार बेकाबू हो गई और डिवाइडर कू दकर दूसरी सड़क से रोहतक की तरफ आ रही कार से भिड़ गई। हादसे में युद्धवीर और दूसरी कार में बैठे तीन लोग गंभीर रुप से घायल हो गए। युद्धवीर कार में अकेले थे। आसपास के लोगों की मदद से चारों को गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया। लेकिन सिर में गहरी चोट लगने के कारण युद्धवीर ने पहले ही दम तोड़ दिया। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दूसरी तरफ तीनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कर दिया गया। फिलहाल तीनों की हालत में सुधार है।
5 महीने पहले ही हुई थी शादी
एसडीओ युद्धवीर के पिता उमेश सिंह मोहन वर्तमान में महेंद्रगढ़ में एसडीएम हैं। करीब पांच महीने पहले ही युद्धवीर की शादी हुई थी। वे मूलरूप से गांव गद्दीखेड़ी के रहने वाले हैं। बताया जा रहा है कि वे बुपनिया (झज्जर) जा रहे थे।