गर्भवती होने पर हुआ खुलासा तो डीएमएस ने पुलिस में दर्ज कराया केस, पीजीआई में हड़कंप
- फोटो : amar ujala
पंडित भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय (पीजीआई) के स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ मेंटल हेल्थ (एचआईएमएच) में मानसिक रोगी महिला को चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी ने हवस का शिकार बना लिया। इस शर्मनाक घटना का खुलासा उस समय हुआ जब महिला सवा महीने की गर्भवती हो गई। इस मामले में डिप्टी मेडिकल सुपरीटेंडेंट की ओर से दी गई शिकायत पर पीजीआई थाने में केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने इंस्टीट्यूट में पहुंचकर छानबीन की।
पीजीआईएमएस में एसआईएमएच भी संचालित है, जिसमें पूरे प्रदेश के मानसिक रोगियों को उपचार के लिए लाया जाता है। वहां एक महिला रोगी को कोर्ट के आदेश पर भर्ती कराया गया था। उस महिला रोगी के गर्भवती होने का अंदेशा नर्स को हुआ तो उसने इंस्टीट्यूट अधिकारियों को इस बारे में बताया। इसके बाद उसका टेस्ट कराया गया, जिससे गर्भवती होने की पुष्टि हो गई और यह भी साफ हो गया कि उसके साथ दुष्कर्म किया गया है। इसके बाद डिप्टी मेडिकल सुपरीटेंडेंट अमित सोनी की ओर से मुकदमा दर्ज कराने को शिकायत दी गई। पुलिस के अनुसार मानसिक रोगी लगभग सवा महीने की गर्भवती बताई जा रही है और इंस्टीट्यूट अधिकारियों की ओर से बेयरर उमेश गिरी के खिलाफ शिकायत दी गई है। इसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है। पुलिस उस महिला को मेडिकल के लिए पहले सिविल अस्पताल लेकर गई, जहां से मेडिकल के लिए उसे पीजीआई भेज दिया गया। पीजीआई में बोर्ड का गठन कर दिया गया है जो उसका मेडिकल करेगा। इस तरह का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मचा हुआ है, क्योंकि इस तरह इंस्टीट्यूट की सुरक्षा व व्यवस्था दोनों पर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
रोगी महिला ने खुद पहचाना दुष्कर्म का आरोपी
महिला मानसिक रूप से भले ही रोगी है, लेकिन वह बोल व सुन सकती है। महिला ने यह बता दिया कि उसके साथ दुष्कर्म हुआ है। वह यह नहीं बता सकी कि ऐसा किसने किया है। इसके बाद उसके सामने सभी कर्मचारियों को खड़ा किया गया। बेयरर उमेश गिरी को देखते ही महिला ने पहचान लिया और उसकी ओर इशारा कर दिया।
डीएमएस अमित सोनी ने स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ मेंटल हेल्थ में रेप की शिकायत दी है जिसके आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जांच की जा रही है।
मंजीत, एसएचओ, पीजीआई थाना।