हरियाणा के रोहतक शहर के सिटी थाने के लॉकअप में मंगलवार को दुष्कर्म के आरोपी युवक सोनीपत जिले के गांव बसाना निवासी 43 वर्षीय अंग्रेज सिंह ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। गंभीर हालत में उसे पीजीआई ले जाया गया, जहां से परिजन खेड़ी साध के नजदीक निजी अस्पताल में ले गए।
डीएसपी मुख्यालय रवींद्र कुमार अस्पताल पहुंचे, लेकिन युवक के बयान दर्ज नहीं हो सके। हालांकि परिजनों द्वारा उसकी एक वीडियो बनाई गई है, जो वायरल हो गई। उसमें 27 लाख रुपये मांगने का जिक्र है। अब यह पैसे कौन किससे मांग रहा है, इसका खुलासा नहीं हो सका है।
बसाना गांव निवासी अंग्रेज के दोस्त ने बताया कि अंग्रेज पहले ऑटो चलाता था, बाद में निजी बस पर नौकरी करने लगा। इसी बीच वह रोहतक की एक महिला के संपर्क में आ गया। संपर्क में आने के बाद वह महिला के साथ रोहतक में सहमति संबंध में रहने लगा। परिजन को इसका पता लग गया और वे उसे घर ले गए।
इसी बीच महिला ने उसके खिलाफ सिटी थाने में दुष्कर्म का केस दर्ज करा दिया। मंगलवार को उसे पुलिस ने हिरासत में ले लिया और डीएसपी के सामने पेश किया। साथ ही उसकी पत्नी व साला भी आए हुए थे। डीएसपी कार्यालय में बयान के बाद आरोपी को हिरासत में सिटी थाने में ले जाया गया।
लॉकअप में ले गया जहरीला पदार्थ, पुलिस सकते में
पुलिस ने करीब साढ़े 4 बजे आरोपी को हिरासत में लेकर लॉकअप में बंद कर दिया। नियमों के तहत पुलिस पहले आरोपी की तलाशी लेती है। इसके बावजूद आरोपी कैसे जहरीला पदार्थ अंदर ले गया, यह किसी की समझ में नहीं आ रहा है। जैसे ही आरोपी की तबीयत बिगड़ी, थाने में हड़कंप मच गया। तत्काल पुलिस उसे लेकर पीजीआई पहुंची, लेकिन हालत में सुधार न होने पर उसे निजी अस्पताल ले जाया गया। सूचना पाते ही डीएसपी रवींद्र मौके पर पहुंचे, लेकिन युवक के होश में न होने के कारण आधिकारिक तौर पर बयान दर्ज नहीं हो सके।
वीडियो वायरल, 27 लाख रुपये मांगने के सवाल पर सिर हिला रहा युवक
मंगलवार शाम एक वीडियो वायरल हुई, जिसमें परिजन निजी अस्पताल में दाखिल अंग्रेज से सवाल कर रहे हैं। सवालों में 27 लाख रुपये मांगने का जिक्र है। जवाब में अंग्रेज सिर हिलाता दिखाई दे रहा है। हालांकि वह पूरी तरह होश में नहीं लग रहा है। अब पैसे युवक से कौन और क्यों मांग रहा था। इसका खुलासा उसके होश में आने व जांच के बाद ही हो सकेगा।
आरोपी युवक अंग्रेज को दुष्कर्म के आरोप में हिरासत में लिया गया था। उसने सिटी थाने के लॉकअप के अंदर कोई पदार्थ निगला है, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई। अब उसने यह कदम क्यों उठाया और पदार्थ अंदर लॉकअप में कैसे गया, इसकी जांच कर रहे हैं। युवक की हालत स्थिर है।
- उदय सिंह मीना, एसपी रोहतक