जिले में रंगदारी मांगने का सिलसिला नहीं थम रहा है। अभी रेहड़ी संचालक गुलशन की मौत का मामला शांत भी नहीं हुआ था कि बदमाशों ने झंग कालोनी के शिक्षक से 10 लाख की रंगदारी मांग ली। बदमाश ने मोबाइल पर संदेश भेजकर मांग पूरी नहीं होने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी है। इस संबंध में सिविल लाइन थाने में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
पुलिस को दी शिकायत में झंग कालोनी निवासी अनिल कुमार ने बताया कि वह दिल्ली में मंगोलपुरी स्थित एक कॉलेज में शिक्षक है। अनिल के पिता कश्मीरी लाल एक व्यापारी हैं। अनिल ने बताया कि वह प्रतिदिन रोहतक से दिल्ली जाते हैं। 10 अक्तूबर को अनिल के मोबाइल पर किसी अज्ञात नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने कहा कि उसने मोबाइल पर मैसेज किया है। इस मैसेज को पूरा पढ़कर, इस पर पूरा ध्यान देना, नहीं तो तेरी हत्या कर दी जाएगी। इसके बाद आरोपी ने काल काट दी। इसके बाद अनिल ने मोबाइल पर आया मैसेज पढ़ा। आरोपी ने शिक्षक को किए मैसेज में लिखा कि 10 लाख रुपये का इंतजाम कर ले। यदि रुपये नहीं दिये तो तुझे और तेरे परिवार को मौत के घाट उतार दिया जाएगा। इसके बाद शिक्षक ने आरोपी के नंबर पर रिवर्ट कॉल की, लेकिन वह स्विच ऑफ मिला। पुलिस ने शिक्षक से संबंधित मोबाइल नंबर लेकर जांच शुरू कर दी है। अब पुलिस नंबर के रजिस्ट्रेशन के आधार पर आरोपी तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। साथ ही संबंधित नंबर को सर्विलांस पर लगाया गया है।
परिवार में फैली दहशत, पांच दिन में रंगदारी का तीसरा मामला
आरोपियों की धमकी से शिक्षक के परिवार में दहशत का माहौल है। अब वह अपने कॉलेज जाने से भी कतरा रहे हैं। शहर में पांच दिन के अंदर रंगदारी से जुड़ा यह तीसरा मामला है। पहले कुछ आरोपियों ने शराब ठेकेदार से रंगदारी मांगी तो दबंगों ने मेडिकल मोड़ पर रेहड़ी वालों से वसूली की। रंगदारी के मामले में एक रेहड़ी वाले की मौत भी हो चुकी है। जांच अधिकारी एएसआई कुलदीप ने बताया कि जल्द ही आरोपी को ट्रेस कर लिया जाएगा। उसके मोबाइल नंबर के आधार पर लोकेशन भी तलाश की जा रही है।