सोनीपत रोड स्थित भालौठ गांव में रंजिश के चलते एक युवक ने गांव के युवक विकास उर्फ नारद (24) को रंजिश के चलते गोली मारकर हत्या कर दी गई। आईएमटी थाना पुलिस वारदात की जांच पड़ताल कर रही है। पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक जांच में पता चला कि भालौठ गांव निवासी विकास उर्फ नारद की गांव के ही एक युवक से काफी समय से रंजिश चल रही है।
बताया जा रहा है कि वीरवार को दोनों की पहले फोन पर बहस हुई। साथ ही आरोपी ने धमकी दी। आरोप है कि रात करीब डेढ़ बजे आरोपी युवक अपने साथियों सहित विकास उर्फ नारद के घर आया। उसे बाहर बुलाकर चार गोलियां मार दी। गोलियां चलने से गांव में दशहत फैल गई। घायल को परिजनों ने तुरंत खेड़ी साध के नजदीक निजी अस्पताल में दाखिल कराया, जहां शुक्रवार दोपहर बाद विकास ने दम तोड़ दिया।
शराब ठेके पर फायरिंग के आरोप में गिरफ्तार हुआ था विकास
पुलिस रिकार्ड के मुताबिक विकास उर्फ नारद के खिलाफ करीब एक साल पहले गांव में शराब ठेके के बाहर फायरिंग का मामला दर्ज है। पुलिस ने उसे हरिद्वार से गिरफ्तार किया था। साथ ही विकास ने सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर कहा था कि पुलिस से बड़ा कोई बदमाश नहीं है। अबकी बार गांव के ही एक अन्य युवक पर उसे गोलियां मारने का आरोप है।
हत्या का मामला दर्ज कर जांच पड़ताल कर रहे हैं। जल्द आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा। इसके लिए तीन टीम बनाई गई हैं।
-राकेश मलिक, डीएसपी सांपला।