छेड़छाड़ से तंग होकर आग लगाकर आत्महत्या करने वाली छात्रा का अंतिम सफर में भी लोगों ने साथ छोड़ दिया। श्मशान तक छात्रा को कंधा देने के लिए भी लोगों की कमी पड़ गई। बाद में पिता ने अपने गांव से कुछ लोगों को बुलाया। मृतका के पिता की मानें तो पड़ोसियों ने भी साथ नहीं दिया। हालांकि कुछ पड़ोसी दिनभर पीड़ित परिवार के साथ खड़े रहे। शाम को कुछ पड़ोसियों और ग्रामीणों की मदद से छात्रा के शव को श्मशान घाट में ले जाकर दाह संस्कार किया गया।
अपनों पर ही लगा दिये अवैध संबंध के आरोप
बेटी के दुनिया से चले जाने के बाद भी उसके पिता को लोगों के ताने सुनने पड़ रहे हैं। पीड़िता के पिता का कहना है कि लोग अब उनके अपनों पर ही बेटी से अवैध संबंध का आरोप लगाने लगे हैं। आरोप है कि एक दिन पहले उनके मामा का बेटा घर में खाना लेकर आया था। यहां पर कुछ लोगों ने उसके संबंध ही बेटी से जोड़ दिये। इसी तरह पीड़ित परिवार के अन्य लोगों पर भी आरोप लगाये जा रहे हैं।
मृतका का पिता बोला, सिर्फ न्याय चाहिए और कुछ नहीं
मामले में पुलिस ने अभी तक मुख्य आरोपी कपिल और उसके भाई को ही गिरफ्तार किया है। बाकी दो आरोपी फरार हैं। मृतका के पिता का कहना है कि असली आरोपी तो कपिल का पिता ही है, जिसने बेटे को कभी भी गलत हरकत करने से नहीं रोका। मृतका के पिता ने मांग की है कि उन्हेें सिर्फ न्याय चाहिए, ताकि भविष्य में किसी आरोपी की हरकतों से तंग आकर कोई लड़की अपना जीवन खत्म न कर सके।
यह है मामला
छेड़छाड़ और धमकियों से तंग आकर एक छात्रा ने 24 अक्तूबर की रात खुद पर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा ली थी। इस घटना के 60 घंटे बाद छात्रा ने बृहस्पतिवार को उपचार के दौरान दम तोड़ दिया था। इस संबंध में पुलिस ने आरोपी कपिल और उसके भाई कुलवंत को गिरफ्तार किया था।
पुलिस को दिए बयान में छात्रा ने कहा था कि कपिल पिछले पांच महीने से उसे परेशान करता था। वह रोजाना उसके साथ छेड़खानी करता था और शादी करने के लिए दबाव बना रहा था। कई बार विरोध भी किया तो उसे धमकी देते हुए मारपीट की गई। युवक ने छात्रा के परिवार को मारने तक की धमकी दी थी। इससे आहत छात्रा ने आत्महत्या का रास्ता चुना।