जाट आंदोलन और उपद्रव के दौरान जिस किसी ने भी वित्तमंत्री की कोठी में आग लगाने के आरोप में गिरफ्तार वकील सुदीप कलकल से बातचीत की है उन पर पुलिस शिकंजा कसने की तैयारी में है। ऐसे लोगों की तलाश में पुलिस जुट गई है। हालांकि पुलिस ने मामले में जिसे मास्टर माइंड बताया है उसे अभी तक गिरफ्तार नहीं कर पाई है। पुलिस का दावा है कि मास्टर माइंड के पकड़ में आने पर कई अहम जानकारियां मिल सकती हैं।
वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु की कोठी में आग लगाए जाने की जांच कर रही एसआईटी ने दो दिन पहले वकील सुदीप कलकल को रिमांड पर लिया था। कलकल से पुलिस ने कई अहम जानकारियां जुटाने का दावा किया है। पुलिस ने दावा किया था कि दंगे की साजिश पहले ही रची गई थी। इस संबंध में पुलिस ने काफी साक्ष्य एकत्रित कर लिए हैं, जिनमें कलकल की कॉल रिकार्ड, ऑडियो क्लिप व अन्य शामिल हैं। एसआईटी सुदीप कलकल से पूछताछ करके और जानकारियां जुटाने में लगी है। इस बीच पुलिस ने यह साफ कर दिया है कि आंदोलन के दौरान जिस किसी से सुदीप कलकल की फोन पर बात हुई है, उन सभी पर शिकंजा कसा जाएगा।
उन सभी को राउंड अप करके पूछताछ की जाएगी। यदि किसी के दंगे में शामिल होने का साक्ष्य मिलता है तो उसे भी केस में शामिल किया जाएगा। हालांकि पुलिस अभी उस मास्टर माइंड की तलाश में है, जिससे आंदोलन के दौरान कलकल की बार-बार बातचीत हो रही थी। एसआईटी इंचार्ज डीएसपी सिद्धार्थ ढांडा का कहना है कि कलकल से पूछताछ की रही है। मामले में अभी अन्य कई लोगों के नाम सामने आ सकते हैं। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही कलकल से जुड़े मास्टर माइंड को पकड़ लिया जाएगा।