रोहतक में तीरअंदाजी के अंतर राष्ट्रीय खिलाड़ी एवं करनाल में कोच के पद पर कार्यरत राजेश के साथ बैंक लोन के नाम पर साढ़े 11 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई है। कोच ने पुलिस को दी शिकायत में यह आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपी युवक नीरज व उसकी बहन के खिलाफ सिविल लाइन थाने में केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत के अनुसार
पुलिस को दी शिकायत में गांधरा गांव निवासी राजेश ने आरोप लगाया है कि न्यू विशाल नगर में किराये पर रहता है। साथ ही सीनियर वर्ग का अंतर राष्ट्रीय स्तर का तीरअंदाजी का खिलाड़ी है। फिलहाल करनाल में कोच के तौर पर कार्यरत है। वह अपने दोस्त नीरज के साथ एमडीयू में प्रेक्टिस करता था, तभी से दोनों एक-दूसरे को जानते हैं। नीरज ने अपनी छोटी बहन दिव्या से बात करवाई।
एचडीएफसी बैंक में कार लोन
दिव्या ने बताया कि वह बैंक में कार्यरत है। एक दिन उसने दिव्या को बताया कि उसका एचडीएफसी बैंक में कार लोन है। उसमें ओवर टू चार्ज लगे हुए हैं। उनको माफ करवा दीजिए। इसके लिए साढ़े सात हजार रुपये लिए, कहा कि रसीद बाद में दे देगी। इसके बाद दिव्या ने कहा कि उसका होम लोन करवा देती हूं। इसके लिए 82 हजार रुपये ले लिए। साथ ही कहा कि होम लोन की राशि तब मिलेगी, जब कार लोन पूरा हो जाएगा। कार लोन बंद कराने के लिए नाम पर 3 लाख 70 हजार रुपये ले लिए।
आपने कार लोन की किस्त जमा नहीं कराई
इसके बाद दूसरे बैंक से 8 लाख 68 हजार रुपये का लोन करवा दिया। उसमें से 6 लाख रुपये दिव्या को तीसरे बैंक के माध्यम से दिए। मार्च 2023 में बैंक कर्मी घर आए, बताया कि आपने कार लोन की किस्त जमा नहीं कराई। उसने कहा कि वह तो लोन की राशि जमा करवाकर बैंक की एनओसी ले चुका हूं। बैंक ने जांच करके बताया कि यह एनओसी फर्जी है। उसने दिव्या व उसके भाई नीरज से बात की। पहले तो आरोपियों ने पैसे देने की बात कही। बाद में इंकार कर दिया।