दिवाली से एक दिन पहले पुलिस प्रशासन की ओर से जिलेभर में अवैध रूप से पटाखों की बिक्री, भंडारण और आयात-निर्यात कर रहे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
इस दौरान पुलिस ने जिलेभर में पांच केस दर्ज किए। इनमें से चार केस लाखनमाजरा थानाक्षेत्र के तहत दर्ज किए गए, जबकि एक केस शिवाजी कॉलोनी थाना पुलिस ने दर्ज किया।
लाखनमाजरा पुलिस ने गांव खरैंटी में बिना लाइसेंस और परमिट के पटाखे की स्टॉल लगाने पर नांदल के बलजीत और न्यू कॉलोनी रोहतक के नरेंद्र को गिरफ्तार किया।
हालांकि बाद में कोर्ट से उनकी जमानत मंजूर हो गई। नरेंद्र ने लाखनमाजरा चौक पर अवैध रूप से स्टॉल लगा रखी थी। इसी तरह लाखनमाजरा निवासी आनंद पर कार्रवाई की गई।
उसने गांव नांदल में अवैध रूप से स्टॉल लगाई थी। इसके बाद पुलिस ने लाखनमाजरा के सोनू को गिरफ्तार किया। वह गांव चांदी में अवैध रूप से पटाखों की बिक्री कर रहा था। शिवाजी कॉलोनी थाना पुलिस ने न्यू अनाज मंडी में अवैध रूप से पटाखों बेचने के मामले में किलोई के राजबीर को गिरफ्तार किया। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान लाखों रुपये के पटाखे बरामद किए।