सांसद बृजभूषण सिंह पर उत्पीड़न का आरोप लगाने वाली महिला पहलवान ने अभ्यास करना छोड़ दिया है। उसके पिता का कहना है कि ताऊ के आरोपों से बेटी आहत है। परिवार रोहतक आने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा है। रिश्तेदारी में रहकर गुजारा करना पड़ रहा है। नाबालिग की बुआ तक की तबीयत खराब हो गई है। एक निजी चैनल के साथ साक्षात्कार के दौरान हुई बातचीत वायरल ह़ुई है, जिसमें बृजभूषण पर आरोप लगाने वाली महिला पहलवान के पिता ने खुलकर सवालों का जवाब दिया है।
बेटी ने घटना बताई तो गुजरात से बड़ा भूकंप मेरे अंदर आ गया
महिला पहलवान के पिता ने बताया कि जनवरी में जब दिल्ली में महिला पहलवानों ने धरना शुरू किया। टीवी पर उसकी खबर आ रही थी। अचानक यह देखकर उसकी बेटी मायूस हो गई। किसी तरह उसने पूछा तो बेटी रोने लगी। उसने बताया कि उसके साथ कैंप में गलत हुआ है। इसके अलावा लखनऊ में ट्रायल के दौरान जानबूझ कर उसे हरा दिया गया। उसे बृजभूषण पर बहुत गुस्सा आया। बोला, गुजरात से बड़ा भूकंप उसके अंदर आ गया।
पंजाब में निमोनिया होने से हुई बड़ी बेटी की मौत
बेटी के बालिग या नाबालिग के सवाल पर महिला पहलवान के पिता ने कहा कि 2004 में वह कुश्ती के चलते पंजाब गया था। बस में सवार होकर पत्नी साथ गई थी। वहां पर छह माह की बेटी की निमोनिया से मौत हो गई। बाद में दूसरी बेटी का जन्म दिल्ली में हुआ। बड़ी बेटी से लगाव था, इसलिए छोटी बेटी का नाम भी उसी के नाम पर रखा। वह दिल्ली पुलिस को पूरे कागजात सौंप चुका हूं साथ ही सुप्रीम कोर्ट पर पूरा भरोसा है।
रीढ़ की हड्डी के ऑपरेशन के बाद भी बहाया पसीना
पिता का कहना है कि उसकी नाबालिग बेटी के रीढ़ की हड्डी का ऑपरेशन हुआ था। डॉक्टरों की हिदायत के बावजूद बेटी ने जमकर मेहनत की और उसने राष्ट्रीय स्तर पर कई पदक जीते हैं।