जिले में इस सीजन में डेंगू का पहला मरीज मिला है। स्वास्थ्य विभाग ने नया पड़ाव में रहने वाली एक छह साल की बच्ची में डेंगू की पुष्टि की है। इसी के साथ विभाग ने अलर्ट जारी कर दिया है। अधिकारियों ने जिस क्षेत्र में मरीज रहता है वहां फॉगिंग करवाने के निर्देश दिये हैं। मरीज के घर के आसपास रहने वाले मोहल्ले के लोगों की जांच के लिए रक्त सैंपल लिए हैं।
डॉ. विवेक मोर ने बताया कि शहर के नया पड़ाव में एक छह साल की बच्ची डेंगू से पीड़ित थी। उसका उपचार दिल्ली के अग्रसेन अस्पताल में कराया गया है। मंगलवार दोपहर इसकी जानकारी मिली तो स्वास्थ्य विभाग ने मरीज के घर के आसपास रहने वाले मोहल्ले के करीब 50 घरों की जांच कराई है। जांच पड़ताल के बीच एक व्यक्ति के घर में डेंगू का लारवा मिलने पर उसे नोटिस दिया गया है। विभाग ने फीवर सर्वे करवाते हुए जांच के लिए सैंपल लिए हैं। बुधवार को इस क्षेत्र में फॉगिंग कराई जाएगी। चिकित्सक ने बताया कि जिले में इस मौसम में डेंगू का पहला मामला सामने आया है। मरीज का सिरोलोजीकल टेस्ट हो चुका है। इससे पहले दो मामले कार्ड टेस्ट के आए थे। उनकी सिरोलोजीकल जांच रिपोर्ट आनी बाकी है।