चांदी बस अड्डा पर अवैध रूप से हथियार लेकर घूम रहा था आरोपी राकेश
- फोटो : amar ujala
भगवतीपुर में हत्या के मामले में पिछले चार साल से फरार चल रहे इनामी राकेश उर्फ बैद आखिरकार सीआईए 2 के हत्थे चढ़ गया। राकेश पर पुलिस प्रशासन ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। सीआईए-2 ने आरोपी को चांदी बस अड्डा से अवैध हथियार के साथ पकड़ा। आरोपी को सोमवार को कोर्ट में पेश कर रिमांड की मांग की जाएगी।
सीआईए 2 के एसआई सुभाष चंद्र को सूचना मिली थी कि चांदी बस अड्डा पर वांछित आरोपी राकेश अवैध हथियार सहित घूम रहा है। इस पर एसआई टीम सहित मौके पर पहुंचे। यहां पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया। आरोपी की पहचान गांव भगवतीपुर निवासी राकेश उर्फ बैद के रूप में हुई। आरोपी के पास से एक देसी पिस्तौल और कारतूस बरामद किया गया।
साल 2012 में की थी हत्या
पुलिस ने बताया कि आरोपी राकेश ने 4 सितंबर 2012 को अपने साथी पंजाब उर्फ पप्लू के साथ मिलकर अपने ही गांव भगवतीपुर के राजेंद्र उर्फ राजू उर्फ फौजी की हत्या कर दी थी। इसके बाद मृतक राजेंद्र उर्फ राजू के शव को अपनी गाड़ी में रखकर नरवाना नहर में फेंक दिया था। इस संबंध में लाखनमाजरा थाने में हत्या का केस दर्ज किया गया था। वारदात में शामिल आरोपी पंजाब उर्फ पप्लू पहले ही गिरफ्तार हो चुका है। जबकि आरोपी राकेश उर्फ बैद वारदात के बाद से फरार चल रहा था। काफी समय तक आरोपी के बारे में सुराग नहीं लगने पर पुलिस प्रशासन ने उसकी सूचना देने वाले को 25 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की थी। आरोपी ने बताया कि उसने यूपी से अवैध हथियार खरीदा था।
हो सकते हैं कई खुलासे
रिमांड के बाद पुलिस आरोपी से पूछताछ करेगी। आशंका जताई जा रही है कि आरोपी राकेश कई अन्य वारदातों के भी खुलासे कर सकता है।