फाग पर सुरक्षा व्यवस्था और किसी अनहोनी से निपटने के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से शहर में चप्पे चप्पे पर पुलिस तैनात कर दी गई है। पुलिस ने ऐसे कई स्थानों को चिह्नित कर नाकेबंदी की है। एसपी पंकज नैन ने भी रविवार को शहर में कई जगहों पर नाकों का निरीक्षण किया।
पुलिस विभाग की तरफ से अशोका चौक, भिवानी स्टैंड, अम्बेडकर चौक, सुखपुरा चौक, हिसार बाईपास सहित अन्य जगहों पर तीन से चार पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है। यहां पर दो पुलिस कर्मी हथियारों के साथ तैनात किये गये हैं।
इसके अलावा शहर के अंदर प्रेम नगर, देव कालोनी, तिलकनगर, माडल टाउन, सब्जी मंडी क्षेत्र, शिवाजी कालोनी सहित अन्य जगहों पर भी गश्त बढ़ा दी है। ताकि होली के दिन बाइक सवार युवक हुड़दंग करें तो उन पर कार्रवाई की जा सके। इस संबंध में एसपी ने सभी थाना प्रभारी और चौकी इंचार्ज को निर्देश दे दि ये है। इसके अलावा पुलिस की विशेष टीम भी गश्त करेगी।
गांवों में रहेगी कड़ी निगरानी
इस बार पुलिस प्रशासन की तरफ से गांव में कड़ी निगरानी रहेगी। इसके लिए संबंधित थानों से पुलिस कर्मियों की गांवों में स्थायी तैनाती की गई है। इसके अलावा गांव में होने वाली शराब तस्करी को लेकर भी पुलिस ने सक्रि यता बढ़ा दी है। अधिकारियों का कहना है कि कई संदिग्धों पर नजर रखी जा रही है। कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए पुलिस ने गांव के सरपंच के साथ भी बातचीत की है।
आरक्षण के नाम पर फिजा बिगाड़ने वाले पुलिस रडार पर
पुलिस की तरफ से ऐसे लोगों को भी चिह्नित किया गया है जो आरक्षण के नाम पर फिजा बिगाड़ने का प्रयास कर सकते हैं। इस कारण ऐसे लोग भी पुलिस की रडार पर हैं। इसी को लेकर पुलिस ने पीजीआई कैंटीन के आसपास भी कड़ी सुरक्षा लगाई है। दरअसल शनिवार रात को पुलिस ने यहां पर कुछ संदिग्धों को देखा था। इसी तरह फाग पर महिलाओं, युवतियों पर जबरदस्ती रंग डालने वाले और बाइक पर हुड़दंग करने वालों पर पुलिस कड़ी कार्रवाई करेगी।
सांपला और कलानौर क्षेत्र में भेजा अतिरिक्त बल
पुलिस ने शहर से बाहर की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए संापला और कलानौर में अतिरिक्त पुलिस बल भेज दिया है। इन्हें अलग अलग जगहों पर तैनात किया गया है। इसके अलावा 30 से ज्यादा स्थानों पर नाके लगा दिये गये हैं। सांपला, कलानौर, महम, लाखनमाजरा और अन्य संवेदनशील गांवों में भी कई स्थानों पर नाकाबंदी की गई है। एसपी ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई भी सूचना मिले तो पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 100, 01262-228113, 9996464100 पर संपर्क करें। कुछ ही देर बाद पुलिस मौके पर पहुंच जाएगी।
जगह जगह की जा रही चेकिंग
पुलिस की ओर से जिलेभर में हर संदिग्ध वाहन, संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखी जा रही है। शहर में कई संवेदनशील इलाकों के आसपास गुप्तचर विभाग के अलावा अन्य पुलिस कर्मियों अधिकारी सिविल ड्रेस में तैनात कर दिए गए हैं। सार्वजनिक स्थानों पर महिला पुलिस कर्मियों की भी तैनाती की गई है। ताकि महिलाओं और युवतियों के साथ कोई अभद्रता न हो सके। वहीं, त्योहार की मस्ती में शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। ट्रैफिक पुलिस की दर्जनभर टीमें शहर के कई जगहों पर जांच करेंगी। शराब के ठेकों अहातों पर भी पूरी तरह से नजर रखी जाएगी। होली के दिन पुलिस कंट्रोल रूम में खासतौर पर अलर्ट किया गया है।