रोहतक में एक दिन पहले जाट किशोरी कॉलेज के गेट से अपहृत छात्रा मिल गई है। थाना प्रभारी ने बताया कि लड़की बरामद हो गई है। परिजनों से बात करवा दी गई है। इसके बाद छात्रा के परिजन लघु सचिवालय से हट गए हैं।
इससे पहले डीएसपी यशपाल खटाना का कहना है कि वारदात में इस्तेमाल कार को सोनीपत से बरामद कर लिया गया है। छात्रा को बरामद करना उनकी पहली प्राथमिकता थी। इसके लिए तीन टीम दबिश दे रही थी।
शुक्रवार को एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि उसकी 20 वर्षीय बेटी जाट किशोरी कन्या कालेज के अंतिम वर्ष की छात्रा है। हर रोज की तरह सुबह अपनी दो सहेलियों के साथ घर से कालेज गई थी। तीनों सुबह सात बजे घर से चली और साढ़े 8 बजे के करीब कालेज के गेट पर पहुंची। तभी एक कार से तीन युवक उतरे। उनमें से एक युवक के पास हथियार था। तीनों छात्रा का अपहरण करके कार में बैठाकर ले गए। इसके बाद छात्रा की सहेली ने उसके पिता को फोन किया। वह गांव से रोहतक पहुंचा और पुलिस को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया। तभी से पुलिस छात्रा की तलाश कर रही थी।