हाई प्रोफाइल एटीएम चोर गिरोह के सदस्य विनय ने पुलिस रिमांड में एक और सनसनीखेज खुलासा किया है।
आरोपी से माडिफाइड स्कार्पियो के बाद अब एयरलिफ्ट मशीन भी बरामद की गई है। भारी एटीएम को उठाने में मशक्कत नहीं करनी पड़े, इसके लिए गिरोह ने एयरलिफ्ट मशीन ले रखी थी।
आरोपी एटीएम उखाड़ने के बाद उसे गाड़ी में लोड करने के लिए इस मशीन का प्रयोग करते थे। यही कारण था कि एटीएम उखाड़ने के कुछ ही देर बाद आरोपी उसे गाड़ी में लोड कर फरार हो जाते थे।
पुलिस ने मंगलवार को आरोपी विनय के सेक्टर 3 स्थित किराये के मकान की तलाशी ली।
विनय के कमरे से एयरलिफ्ट मशीन सहित 6 फर्जी आरसी, फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाला कंप्यूटर, स्कैनर, प्रिंटर, कटर सहित अन्य उपकरण बरामद किए गए हैं।
यह सारे उपकरण एटीएम उखाड़ने में प्रयोग किए जाते थे। मामले को दूसरा आरोपी करसौला निवासी युवक पुलिस गिरफ्त से बाहर है। पुलिस ने बीती रात आरोपी के घर पर रेड की थी, लेकिन वह नहीं मिला।
चोरी किए गए रुपयों से खरीदी थी एयरलिफ्ट मशीन
विनय के कमरे से बरामद की गई एयरलिफ्ट मशीन को उसने पिछले दिनों एटीएम चोरी कर निकाले गए रुपयों से खरीदा था। पुलिस की मानें तो आरोपी ने करीब ढाई लाख रुपये में एयरलिफ्ट मशीन को खरीदा था। एटीएम उखाड़ने से जुड़े सारे उपकरण विनय के कमरे पर ही रखे जाते थे। जरूरत पड़ने पर उपकरणों को गाड़ी में लोड कर दिया जाता था। पुलिस को आरोपी के पास से कई महंगे मोबाइल भी बरामद हुए है।
बाहरी प्रदेशों की पुलिस करेगी विनय से पूछताछ
वहीं, मामले में विनय की गिरफ्तारी के साथ ही पड़ोसी प्रदेशों की पुलिस भी सक्रिय हो गई है। एटीएम चोर गिरोह के पकड़े जाने की खबर फैलते ही रोहतक पुलिस के पास पंजाब और हिमाचल प्रदेश सहित अन्य प्रदेश की पुलिस के फोन आने लगे हैं। पड़ोसी प्रदेशों की पुलिस भी विनय से पूछताछ कर सकती है।
अब कॉल डिटेल खंगालेगी पुलिस
गिरोह के सभी सदस्यों तक पहुंचने के लिए पुलिस अब विनय की कॉल डिटेल खंगालेगी। डीएसपी अमित दहिया ने बताया कि आरोपी के मोबाइल नंबर को साइबर सेल में भेज दिया गया है। उसके मोबाइल से मिले नंबरों को ट्रेसिंग पर लगाया जाएगा। ताकि मामले में शामिल अन्य आरोपियों के बारे में भी जानकारी मिल सके।
कंपनी में नुकसान हुआ तो बना गिरोह का शातिर
विनय ने कुछ समय पहले अपनी एक कंपनी शुरू की थी। उस समय विनय के अंडर में मामले में फरार आरोपी काम करता था। लेकिन कंपनी के घाटे में चले जाने के बाद विनय को रुपये की जरूरत पड़ी। इसके बाद उसने अपने अंडर में काम करने वाले करसौला निवासी युवक को अपना पार्टनर बना लिया और एटीएम उखाड़ने की वारदात को अंजाम दिया।
ये था मामला
बता दें कि जुलाना के गांव पोली निवासी आरोपी को रविवार को जींद रोड स्थित गांव सिंहपुरा कलां के नजदीक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया था। कोर्ट ने आरोपी को 7 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी पानीपत से एटीएम उखाड़कर भागे थे, जिन्हें रोहतक में पुलिस ने घेर लिया। मुठभेड़ में दो आरोपी फ रार हो गए, जबकि विनय को पकड़ लिया गया था। हालांकि विनय का कहना है कि उसके साथ एक ही युवक था।
वर्जन-
आरोपी विनय से मिले दस्तावेजों की संबंधित विभागों में भेजकर जांच करवाई जाएगी। अभी उसके मोबाइल नंबर को ट्रेसिंग पर लगाया गया है। कुछ अन्य नाम सामने आने की उम्मीद है।
अमित दहिया डीएसपी रोहतक ।