एमए-2
दादा की हत्या करने का गिरफ्तार आरोपी समुंदर ।
-----------------
जमीन के विवाद में दादा की हत्या करने वाला बसौदी गैंग का सदस्य पुलिस ने दबोचा
- आरोपी पर हत्या समेत कई अन्य मामले हैं दर्ज, राजू बसौदी गैंग का सदस्य है पकड़ा गया आरोपी
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
सोनीपत के नई बसौदी गांव में दादा की गोली मारकर हत्या करने वाले राजू बसौदी गैंग के सदस्य को सीआईए-2 ने रविवार की रात धरदबोचा। दादा और पोते के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा था, हालांकि पुलिस ने अभी यह खुलासा नहीं किया है कि जमीन का विवाद पैतृक जमीन को लेकर था या किसी अन्य जमीन को लेकर। पुलिस का कहना है कि इसकी जांच की जा रही है। पोते पर हत्या समेत कई अन्य धाराओं में केस दर्ज है।
एसपी जशनदीप सिंह रंधावा ने बताया कि सेक्टर-2 स्थित पुलिया के पास से पुलिस ने शक के आधार पर सोनीपत के नई
बसौदी गांव निवासी समुंदर को गिरफ्तार किया है। उसके पास से देसी पिस्तौल और कारतूस बरामद किया गया। उसने पूछताछ में बताया कि वह राजू बसौदी गैंग का सदस्य है। बीती सात मई को अपने साथियों के साथ मिलकर अपने दादा महा सिंह की गोली मारकर हत्या की थी। अर्बन स्टेट थाने पर मामला दर्ज किया गया था। उसने पुलिस को यह भी बताया कि मार्च में भी उसने दादा पर जानलेवा हमला किया था, लेकिन दादा हमले में बाल-बाल बच गए थे।
आरोपी का आपराधिक रिकार्ड
- वर्ष 2011 में नई बसौदी गांव में प्रदीप नाम के युवक को चाकू मारे थे, जिसका मामला राई थाने में दर्ज है।
- वर्ष 2005 में आरोपी शराब तस्करी करता हुआ उत्तर प्रदेश में पकड़ा गया था। इसका मामला मेरठ के परतापुर थाने में दर्ज है।
- वर्ष 2016 में उत्तर प्रदेश के शामली जिले में शराब की तस्करी करते पकड़ा गया था। आरोपित वहां से भगोड़ा चल रहा है।
- वर्ष 2016 में उत्तर प्रदेश के कैराना में शराब तस्करी करता पकड़ा गया था। वहां से भी वह फरार चल रहा है।
- वर्ष 2017 में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर गोहाना में लूट की वारदात को अंजाम दिया था।
- वर्ष 2017 में आरोपी ने अपने साथियों के साथ योजना बनाकर अपनी ही गाड़ी के चालक का अपहरण किया
- मार्च 2018 में आरोपी ने अपने दादा महा सिंह को जान से मारने की नीयत से गोली चलाई, लेकिन उसमें महा सिंह बच गया था।
- सात मई 2018 में आरोपी ने अपने साथी मोहित और सचिन शूटर के साथ मिलकर अपने दादा की हत्या की थी।