धोखे से जमीन हड़प किया अपहरण
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
महम के गांव फरमाना में एक युवक के अपहरण का मामला सामने आया है। युवक की दादी ने गांव के एक व्यक्ति के खिलाफ पहले जमीन हड़पने और फिर अपहरण का मामला दर्ज कराया है। महम थाना पुलिस ने केस दर्ज मामले की जांच शुरू की दी है।
पुलिस को दी शिकायत में महम के गांव फरमाना निवासी छोटी देवी ने बताया कि पौत्र अजय 10 जून से घर से लापता है। महिला का आरोप है कि अजय की जमीन को धोखाधड़ी से गांव के युवक ने हड़प लिया है। गांव के युवक ने कहा था कि अजय को जमीन के लिए डेढ़ लाख रुपये दे रखे हैं। बाद में पता चला कि उसने कोई रुपया नहीं दिया है। आरोप है कि आरोपी सुनील ने अजय से दो किल्ले जमीन की रजिस्ट्री भी करवा ली। महिला का कहना है कि सौदा 10 लाख रुपये प्रति किल्ला हुआ था। जब अजय ने आरोपी से रुपये मांगे तो उसने अजय का अपहरण करवा लिया। आरोप है कि 20 दिन से अजय का कोई सुराग नहीं लगा है। महिला ने जमीन खरीदने वाले सुनील पर ही शक जाहिर किया है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी एएसआई सज्जन ने बताया कि जमीन लेन देन को लेकर विवाद है। अजय की तलाश की जा रही है।