अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
सिरसा डेरा प्रमुख को दोषी करार देने के बाद बढ़ रही हिंसा को देखते हुए पुलिस और खुफिया तंत्र बेहद सक्रिय हो गया है। डेरा अनुयायियों पर गहराई से नजर रखी जा रही है। साथ ही एक खुफिया रिपोर्ट तैयार की गई है। रिपोर्ट के अंदर बताया गया है कि डेरा प्रेमी जिले के अंदर कहां-कहां हैं। इसमें शहर से लेकर हर गांव की रिपोर्ट तक तैयार की जा रही है।
सूत्रों ने बताया कि रिपोर्ट में बताया गया है कि शहर के अंदर गांधी कैंप एरिया में 40 से 50 परिवार डेरा प्रेमी हैं। जो कई बार सत्संग में जाते रहे हैं। जबकि बाहरी कालोनियों में इक्का-दुक्का घर हैं। बाहरी कॉलोनियों के अंदर गरीब तपके के लोग भी डेरे के अनुयायी हैं। इसके अतिरिक्त जिले के सभी 145 गांवों से खुफिया विभाग सूचना एकत्रित कर रहा है। किस गांव में कितने परिवार डेरा प्रेमी हैं। पता चला है कि जिले के कुछ गांव ऐसे हैं, जहां 20 से 30 परिवार डेरा प्र्रेमी हैं, जबकि कई गांव ऐसे भी हैं जहां एक या दो प्रेमी ही डेरे से जुड़े हैं।
डेरा प्रेमी कानून का सम्मान करें : डीसी
जिला उपायुक्त ने जिले में मौजूद डेरा प्रेमियों का आह्वान किया है कि वे कानून का सम्मान करें। कानून सबके लिए बराबर है। किसी को भी धरने या प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी जाएगी।