अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
पीजीआई के वार्ड दो के लेबर रूम में अव्यवस्थाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। लेबर रूम से 10 दिन पहले चोरी हुए बच्चे का अभी तक पता नहीं चला सका। वहीं मंगलवार को एक प्रसूता के गहने गुम होने का मामला सामने आया है। परिजनों ने आरोप लगाया कि स्टाफ ने ऑपरेशन के दौरान महिला के गहने उतरवा लिए। अब गहनों के बारे में स्टाफ जवाब नहीं दे रहा है। ऐसे में परिजनों ने इसकी शिकायत चिकित्सा अधीक्षक से की है।
पब्लिक हेल्थ में ठेके पर काम करने वाले अमित कुमार ने पत्नी सरिता को सोमवार को वार्ड दो में दाखिल कराया था। डॉक्टरों ने बताया कि उसका बच्चा ट्यूब में चला गया है और उसकी ट्यूब फट गई है। उसकी लेप्रोटनी सर्जरी करनी पड़ी। शिकायत में अमित ने बताया कि ऑपरेशन से पहले उसकी पत्नी से कान, नाक, गले, पैर के जेवर उतरवाए गए। उसके जेवर किसी को नहीं दिए गए, उनके परिवार के सभी लोगों को गेट पर रोक दिया गया था। जब ऑपरेशन हो गया तो उन्होंने गहनों के बारे में पूछा, लेकिन किसी ने जवाब नहीं दिया। ऑपरेशन के बाद सरिता को एमसीएच में शिफ्ट कर दिया है। इसकी शिकायत को लेकर वह मंगलवार को चिकित्सा अधीक्षक के पास गए थे। उन्होंने आश्वासन दिया है कि बुधवार को वह 11 बजे आकर मिले, जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।