पानीपत से बिहार शराब ले जाने की सूचना पर जीआरपी ने की चेकिंग
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। पानीपत स्टेशन से शराब बिहार ले जाने की सूचना मिलने पर जीआरपी कर्मियों ने थाना प्रभारी राजकुमार के नेतृत्व में सुबह चार से छह बजे तक चैकिंग अभियान चलाया। सुबह पांचों प्लेटफार्म पर यात्रियों के बैगों की चेकिंग व स्टेशन परिसर में अंदर जाने वाले रास्तों पर कड़ी चेकिंग की गई। कर्मियों ने मैन गेट व बुकिंग केंद्रों में टिकट ले रहे यात्रियों से भी पूछताछ की और आधार कार्ड या अन्य कोई भी पहचान पत्र होने के बाद ही स्टेशन पर अंदर जाने दिया गया। जीआरपी थाना प्रभारी राजकुमार ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि सोमवार को अल सुबह दिल्ली जाने वाली ट्रेन में शराब की बोतलें ले जाई जाएगी। सूचना के आधार में पर दो घंटे तक पूरे स्टेशन पर गहनता से जांच की गई। वहीं यात्रियों द्वारा स्टेशन पर लाए जाने वाले सामानों की भी गहनता से जांच की गई। लेकिन शराब किसी भी यात्री के बैग से बरामद नहीं मिली। उन्होंने बताया कि जीआरपी के दो कर्मी हर समय रेलवे स्टेशन परिसर में प्लेटफार्म में अर्ल्ट रहते हैं। किसी भी यात्री से शक होने पर तुरंत पूछताछ की जाती है।