हथियारों से लैस कुछ कार सवार बदमाशों ने झंग कॉलोनी निवासी गौरव तनेजा को घर से अपहरण कर लिया। शहर से बाहर ले जाकर बदमाशों ने 55 लाख की रंगदारी मांगी। मल्टी कॉमोडिटी एक्सचेंज में काम करने वाले गौरव ने जब फोन पर दूसरे व्यक्ति की हामी भरवाई तब बदमाशों ने उसे छोड़ा।
साथ ही पुलिस को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित अपने परिजनों के साथ मंगलवार शाम डीएसपी विजेन्द्र सिंह को मामले की शिकायत दी। वहीं पीड़ित पक्ष ने डीएसपी को घर में घुसे बदमाशों की सीसीटीवी फुटेज की सीडी भी मुहैया करवाई। साथ ही पीड़िता पक्ष की ओर से मुख्यमंत्री, चीफ जस्टिस, डीजीपी और आईजी को भी शिकायत भेजी। सिविल लाइन थाना इंचार्ज संदीप पुनिया ने बताया कि गौरव तनेजा की शिकायत पर आरोपी अशोक, रोहताश, देवेंद्र, बोखा भइया, नीटू गाठा, बीटू गाठा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस को दी शिकायत में गौरव तनेजा ने बताया कि वह मल्टी कॉमोडिटी एक्सचेंज में काम करता है। शनिवार को गाड़ियों में सवार होकर 15, 20 लड़के जबरन घर में घुस गए। आरोपियों ने घर में घुसकर पूछा कि गौरव कौन है। पहचान बताने पर गौरव को आरोपी घर से बाहर ले गए। गौरव ने जब पुलिस को सूचना देने का प्रयास किया तो आरोपियों ने मोबाइल छीनकर गाड़ी में बैठा लिया और शिवाजी कॉलोनी के एक ऑफिस ले गए।
आरोप है कि यहां बदमाशों ने कनपटी पर पिस्तौल रखकर उससे 55 लाख रुपये की रंगदारी मांगी। रुपये न होने पर दूसरे व्यक्ति से हामी भरवाने के बाद बदमाश उसे झज्जर चुंगी की तरफ ले गए। यहां आरोपियों ने गौरव क ो धमकी दी कि यदि मामले की सूचना किसी को दी तो उसे और उसके परिवार को जान से मार देंगे।
आरोपियों की पहचान बताई
गौरव को अगवा कर उससे रंगदारी मांगने वाले बदमाशों के बारे में गौरव ने पुलिस को जानकारी दी है। गौरव का कहना है कि उससे रंगदारी मांगने वालों में बिरधानियां, आसन और दिल्ली के उत्तमनगर निवासी युवक शामिल है।
सवाल: तीन दिन बाद क्यों पहुंचे पुलिस के पास
वहीं, मामले को लेकर पुलिस भी संदेह में है। पुलिस का कहना है कि गौरव ने वारदात के करीब तीन दिन बाद पुलिस को शिकायत दी। हालांकि जब इस संबंध में गौरव से बात की गई तो उन्होंने बताया कि वह वारदात के बाद बहुत डर गए थे। गौरव का क हना है आरोपियों ने उन्हें व उनके परिवार को जान का खतरा है। इस कारण सुरक्षा मुहैया कराई जाए।