अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
नंदरामपुर बास स्थित एक क्रशर प्लांट की छत से गिरने से एक युवक की मौत हो गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी अनुसार यूपी के कानपुर निवासी अरुण दो दिन पहले रिश्तेदार के यहां नंदरामपुर बास स्थित क्रशर प्लांट पर आया था। बुधवार सुबह वह क्रशर प्लांट पर ही छत के साथ बने रैंप पर घूम रहा था। इस दौरान उसका अचानक पैर फिसल गया और वह नीचे आ गिरा जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। क्रशर प्लांट पर काम कर रहे मजदूरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची धारूहेड़ा पुलिस ने शव को कब्जे में लिया तथा केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।