पुलिस चेक पोस्ट से 100 मीटर की दूरी पर युवक से लूट
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
शहर में लूट की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। पुलिस चैक पोस्ट से मात्र 100 मीटर की दूरी पर दिल्ली बाईपास के निकट बुधवार की रात में दो बदमाशों ने हथियारों के बल पर कार व हजारों की नगदी लूट ली। पीड़ित की शिकायत पर अर्बन स्टेट थाने पर मुकदमा दर्ज कराया गया है।
पलवल जिले के छांयसा गांव निवासी रिंकू ने अर्बन स्टेट थाने पर शिकायत करते हुए बताया कि बुधवार को वह रोहतक में किसी कार्य से आया था। देर रात में दिल्ली बाईपास पर कार में बैठकर दोस्त का इंतजार कर रहा था। इसी बीच दो बदमाश पहुंचे तथा हथियारों के बल पर करीब दो हजार की नगदी व कार लूट ली। पुलिस से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए बदमाश मौके से फरार हो गए। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है।