फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आधार कार्ड बनाने के नाम पर रोहतक में की जा रही 50 से 270 रुपये तक की अवैध वसूली

विज्ञापन
विज्ञापन
फोटो
विज्ञापन

अमर उजाला स्टिंग
आधार कार्ड बनाने के नाम पर रोहतक में की जा रही 50 से 270 रुपये तक की अवैध वसूली
- अमर उजाला द्वारा किए गए स्टिंग में खुलासा

- सेवा केंद्रों पर आधार कार्ड बनवाने से लेकर अपडेट कराने को लगी है लोगों की भीड़
- लोगों की भीड़ का फायदा उठा रहे केंद्र संचालक
- विभागीय अधिकारी बोले - मामला गंभीर, जल्द वसूली करने वाले सभी केंद्रों को कराया जाएगा बंद

महबूब अली
रोहतक।
इसे विभागीय अधिकारियों की मिलीभगत कहा जाएगा या फिर कुछ और कि शहर के विभिन्न स्थानों पर अवैध रुप से चल रहे सेवा केंद्रों पर आधार कार्ड बनाने के नाम पर 50 से लेकर 270 रुपये तक की अवैध वसूली की जा रही है। इसके अलावा आधार कार्ड अपडेट कराने के रेट भी अलग-अलग है। अमर उजाला द्वारा किए गए स्टिंग में यह खुलासा हुआ है। विभागीय अधिकारियों ने मामले को गंभीर बताते हुए जांच कराने की बात कही है।

रोहतक का माता दरवाजा स्थित सेवा केंद्र
यहां पर रिपोर्टर खुद अपना आधार कार्ड बनवाने के लिए जाता है। रिपोर्टर व सेंटर पर बैठे कर्मचारी के बीच कुछ इस तरह से वार्ता हुई।
रिपोर्टर - बाबूजी, राम राम
कर्मचारी- राम राम, बैठ भाई
रिपोर्टर - बाबूजी अपना नया आधार कार्ड बनवाना है
कर्मचारी - पहले कभी आधार कार्ड तो नहंी बनवाया
रिपोर्टर - नहीं
कर्मचारी - पचास रुपये लगेंगे
रिपोर्टर - कौन सी आईडी देनी होगी
कर्मचारी - वोटर आईडी कार्ड की फोटो कॉपी दे दे बस
(रिपोर्टर ने वोटर आईडी कार्ड की फोटो कॉपी दे दी।)
कर्मचारी- वहां बैठ जा जाके
(दूसरे कर्मचारी ने फार्म ऑनलाइन भरने की प्रक्रिया शुरू की। रिपोर्टर से मोबाइल नंबर भी पूछा गया।)
(पहला कर्मचारी ने आधार कार्ड की रसीद निकालकर दी तथा कहा) 15 दिन के अंदर आधार कार्ड बनाकर दे दिया जाएगा।
रिपोर्टर - आधार कार्ड कहां से मिलेगा बाबूजी
कर्मचारी - रोड पर स्थित सेंटर पर चले जाना। यदि वहां न मिले तो सीधे यहीं आकर रसीद दिखा देना।
(रिपोर्टर ने रसीद लेने के बाद पचास रुपये कर्मचारी को दे दिए)।

लैबर चौक स्थित सेवा केंद्र
रिपोर्टर ने सेवा केंद्र पर बैठी मैडम से पूछा
रिपोर्टर - आधार कार्ड बनवाना है? क्या- क्या आईडी देनी होगी।
मैडम - (पास में ही बैठे युवक की तरफ इशारा करते) सर से बात कर लो
युवक - कहां से आया भाई
रिपोर्टर - यूपी का रहने वाला हूं। रोहतक में सिक्योरिटी गार्ड की नौक री लगी है। मगर आधार कार्ड आज तक नहीं बनवाया है। आधार कार्ड मांगा गया है। वरना नौकरी से निकाल दिया जाएगा।
विज्ञापन

युवक - बन जाएगा आधार कार्ड, एक फोटो, शपथ पत्र व दो आईडी की कापी लाकर दो
रिपोर्टर - बाबूजी फोटो, शपथ पत्र कहां से बनवाउंगा, आईडी की कॉपी से ही काम चला लो
युवक - ठीक है दो, मै यहीं से शपथ पत्र व फोटो खिंचवा दूंगा
रिपोर्टर - बाबूजी कितने रुपये लगेंगे
युवक - बस 270 रुपये दे देना
रिपोर्टर - ज्यादा मांग रहे हो
युवक - भाई तेरा फोटू भी हम खींचेंगे, शपथ पत्र भी हम बनवाएंगे।
रिपोर्टर - ठीक है बनवा दो
युवक दूसरे युवक की तरफ इशारा करते हुए - इसका आधार कार्ड बनना है फॉर्मेलिटी फॉर्म भर ले
(तीसरे युवक ने फार्म भरने के अलावा अन्य फार्मलटी पूरी की)
पहला युवक- ले रसीद 20-25 दिन बाद आ जाना, आधार कार्ड लेने
रिपोर्टर - कितने रुपये हुए?
युवक - बताया तो था 270
रिपोर्टर - कुछ ज्यादा नहीं लग रहे 270 रुपये बाबूजी, थोड़ा कम कर लो
युवक - भाई शपथ पत्र व फोटो भी मैं ही बनवा रहा हूं। ये तो बहुत कम है, 400-400 रुपये तक लिए जाते हैं।
रिपोर्टर - बाबूजी आधार कार्ड निकलवाने के लिए कितने रुपये लगते हैं?
युवक - 70 से लेकर 170 तक लगते हैं। क भी भी आ जाना
इसके बाद रिपोर्टर यहां से चला गया।

डेयरी मोहल्ला स्थित सर्विस सेंटर
यहां पर रिपोर्टर ने अपने जानने वाले को आधार कार्ड बनवाने के लिए भेजा। सेंटर पर आधार कार्ड बनाने के लिए फार्मेलिटी पूरी करने के बाद कर्मचारी ने युवक से आधार कार्ड बनाने के बदले 50 रुपये वसूले। युवक ने सौ का नोट दिया। जिस पर उसे 50 रुपये वापस दिए गये। इसके अलावा यहां पर अन्य भी कई लोगों से पचास पचास रुपये के हिसाब से रुपये वसूले गए।

पिछले कई दिन से सेंटरों पर लगी है भीड़
31 मार्च तक बैंक खातों से लेकर मोबाइल नंबर तक आधार कार्ड से लिंक कराने के आदेश जारी होने के बाद सेंटरों पर आधार कार्ड बनवाने व अपडेट कराने वालों की भीड़ लगी हुई है। आधार कार्ड बनाने के लिए सेंटर संचालक लोगों की मजबूरी का फायदा उठाते हुए खूब वसूली कर रहे हैं। और इसकी खबर विभागीय अधिकारियों को नहीं है यह भी आश्चर्य की बात है।

डीसी कार्यालय पर की गई थी शिकायत
लोगों ने बताया कि वे कई बार सेंटरों पर आधार कार्ड बनाने के नाम पर चल रही अवैध वसूली की शिकायत डीसी कार्यालय से लेकर सीएम विंडो पर कर चुके हैं। मगर कोई सुनवाई नही की जा रही है। अधिकारियों की अनदेखी के कारण अवैध रुप से वसूली का खेल जारी है।
विज्ञापन


नि:शुल्क बनाए जाते है आधार कार्ड
डीसी डॉ. यश गर्र्ग का कहना है कि आधार कार्ड पूरी तरह से फ्री बनाए जाते हैं। यदि कोई आधार कार्ड बनाने के नाम पर वसूली कर रहा है तो यह पूरी तरह से गलत है। कल ही टीम को भेजकर अवैध रुप से वसूली करने वालों के सेंटर बंद कराए जाएंगे। वसूली किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इन स्थानों पर है स्वीकृत सेंटर
झज्जर रोड स्थित सिंडिकेट बैंक
दिल्ली रोड स्थित एक्सिस बैंक
सुभाष पार्क स्थित इंडसइंड बैंक
हुड्डा कांप्लैक्स स्थित इलाहाबाद बैंक
डेयरी मोहल्ला का नजदीक पानी का बूस्टर
डिपार्टमेंट्स ऑफ पोस्ट्स हरियाणा सर्किल
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें