अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
जगन गेट चौकी पुलिस ने स्कूटी चोरी करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस मामले में चोरी करते हुए ही एक आरोपी बावल निवासी राहुल को लोगों की मदद से पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। गिरफ्तार किए गए आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, वहां से दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
जगन गेट चौकी प्रभारी एएसआई रणसिंह ने बताया कि गिरफ्तार किया गया दूसरा आरोपी खेड़ा मुरार निवासी मोहित है। उन्होंने बताया कि रविवार को मोहल्ला मूल्यानवाड़ा से स्कूटी चोरी करते हुए आरोपी राहुल को लोगों ने पकड़ा था। पुलिस ने मूल्यानवाड़ा निवासी प्रवीण की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर सोमवार को आरोपी को अदालत में पेश कर एक दिन की रिमांड पर लिया था। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी राहुल ने स्कूटी चोरी की एक अन्य वारदात का खुलासा भी किया। बताया कि 21 जून को उसने अपने साथी खोड़ा मुरार निवासी मोहित के साथ मिलकर कांजीवाड़ा से भी एक स्कूटी चोरी की थी। पुलिस ने देर रात राहुल की निशानदेही पर आरोपी मोहित को भी गिरफ्तार कर लिया और चोरी की हुई दूसरी स्कूटी भी बरामद कर ली।