लापता ज्वेलर की तलाश में रेवाड़ी पुलिस ने रोहतक में दी दबिश
- अर्बन स्टेट थाना पुलिस से भी ज्वेलर की बरामदगी का मांगा सहयोग, स्थानीय पुलिस भी जांच में जुटी
- ज्वलेर्स बोले- जल्द बरामदगी नहीं हुई तो होगा बड़ा आंदोलन
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। रेवाड़ी के लापता ज्वेलर की तलाश में मंगलवार को रेवाड़ी के सिटी थाने की पुलिस ने कई स्थानों पर दबिश दी, लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी। सेक्टर एक और दो में ही ज्वेलर की लोकेशन मिल रही है। रेवाड़ी पुलिस ने रोहतक की अर्बन स्टेट थाना पुलिस से भी ज्वेलर की बरामदगी में सहयोग की मांग की है। वहीं ज्वेलर्स एसोसिएशन ने ज्वेलर की बरामदगी नहीं होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी है।
रेवाड़ी निवासी योगेश सोनी ने बताया कि छह दिन पूर्व उसके पिता ज्वेलर सुनील कुमार रेवाड़ी से रोहतक कोर्ट के लिए आए थे। मगर रोहतक नहीं पहुंचे। परिजनों ने भी सुनील को तलाश किया मगर उसका कोई पता नहीं लग सका था। इसके बाद परिजनों ने रेवाड़ी के सिटी थाने में अज्ञात के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज कराया था। आशंका जताई कि अपहरण कर व्यापारी के साथ लूट की गई है।
सूत्रों के अनुसार व्यापारी के मोबाइल की अंतिम लोकेशन रोहतक के सेक्टर एक और दो में मिली थी।। रोहतक के अर्बन स्टेट थाना एसएचओ प्रवीण मलिक ने बताया कि ज्वेलर की तलाश में रेवाड़ी पुलिस मंगलवार को रोहतक पहुंची। स्थानीय पुलिस के साथ ज्वेलर की तलाश में सेक्टर एक से दो और अन्य स्थानों पर दबिश दी गई। मगर सफलता हाथ नहीं लग सकी। पुलिस एक युवक को भी हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। एसएचओ का कहना है कि ज्वेलर को तलाश कराने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही उसे बरामद कर लिया जाएगा।
--
कई दिन बीतने के बाद भी पुलिस लापता ज्वेलर का पता नहीं लगा सकी है। हालांकि पुलिस जांच में जुटी है। जल्द ज्वेलर बरामद नहीं किया गया तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा
- हेमंत बख्शी, मुख्य सलाहकार गोल्ड स्मिथ एवं ज्वेलर्स एसोसिएशन