रोहतक व गुरुग्राम में भी की थी लूट
कारौर का आंनद हत्याकांड
-रिमांड पर लिए गए आरोपियों ने पूछताछ में किया खुलासा
- एसपी बोले-जल्द कई अन्य घटनाओं का किया जाएगा खुलासा
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
कारौर गांव में पूर्व सरपंच के भाई आनंद की गोलियों से भूनकर हत्या करने वाले आरोपियों पुलिस पूछताछ में कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। आरोपियों ने रोहतक में ट्रक जबकि गुरुग्राम में कई कार लूट की वारदातों को अंजाम दिया था। घटना से पहले आरोपी बैठक करते थे। इसके बाद ही किसी भी वारदात को अंजाम देते थे।
आनंद हत्याकांड में पुलिस ने बीस के खिलाफ केस दर्ज किया था। पुलिस ने मुख्य आरोपी जेल में बंद अनिल को रिमांड पर लेकर पूछताछ की थी। इसके बाद सात आरोपियों को गिरफ्तार किया था। जिन्हें पुलिस ने दो दिन के रिमांड पर लिया था।
एसपी जशनदीप सिंह रंधावा ने बताया कि आरोपियों ने पूछताछ में कई चौंकाने वाले खुलासे किए है। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने रोहतक में ट्रक लूट जबकि गुरूग्राम में कई कार लूट की वारदातों को अंजाम दिया था। गिरोह की खास बात यह है कि गिरोह किसी भी वारदात को अंजाम देने से पूर्व बैठक करता था। बैठक में ही किस तरह से वारदात को अंजाम देना है, यह तय किया जाता था। एसपी का कहना है कि फरार चल रहे गिरोह के अन्य गुर्गों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।