पर्ल्स घोटाला पीड़ितों ने डीआरओ से लगाई न्याय की गुहार
- रोहतक से 1.5 लाख व देश में 5.85 करोड़ निवेशक करेंगे भाजपा के खिलाफ प्रदर्शन
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
ऑल इनवेस्टर सेफ्टी ऑर्गेनाइजेशन के सदस्यों की रविवार को सामुदायिक केंद्र आजादगढ़ में हुई बैठक में इनवेस्ट किए रुपये वापस लेने पर चर्चा की। यहां पर्ल्स पीड़ित निवेशकों व उनके आश्रितों ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर न्याय की गुहार लगाने का फैसला लिया। इसके चलते डीआरओ ब्रह्मप्रकाश अहलावत को प्रधानमंत्री, सर्वोच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश व मानव अधिकार आयोग के नाम ज्ञापन सौंपा। निवेशकों ने अपना रुपया नहीं मिलने पर दिल्ली में उग्र प्रदर्शन की चेतावनी भी दी।
संगठन के जिला अध्यक्ष जयभगवान सैनी ने कहा कि निवेशकों केे रुपये का भुगतान नहीं होने से उनमें सरकार के प्रति रोष पनप रहा है। देश के लगभग 5.85 करोड़ लोग इस घोटाले का शिकार हुए हैं। पीड़ित व उसके आश्रित आने वाले लोकसभा व विधानसभा चुनावों में भाजपा का विरोध करेंगे। केंद्र सरकार को चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि अगर सरकार मांगे नहीं मानती है तो जल्दी ही दिल्ली में आंदोलन किया जाएगा। यह आंदोलन उग्र भी हो सकता है। इसकी जिम्मेदार खुद सरकार होगी। बैठक के बाद सभी जुलूस के रूप में उपायुक्त से मिलने उनके निवास पर पहुंचे। यहां उपायुक्त की अनुपस्थिति में डीआरओ ने उनकी समस्या सुनी। डीआरओ ने पीड़ित निवेशकों का ज्ञापन प्रधानमंत्री, सर्वोच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश व मानव अधिकार आयोग को सौंपने का आश्वासन दिया। इसके अलावा उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवारों की अपनी ओर से हर संभव मदद करेंगे व तीन चार दिनों में अपनी रिर्पोट अधिकारियों को सौंपेंगे। इस मौके पर अमरजीत सैनी, प्रमोद शर्मा, जयपाल हुड्डा, हरिकिशन, सुरेंद्र भारद्वाज, सुभाष, ईशवंती, आशा, शीला, शकुंतला, बिमला, निर्मला, सरोज, रीना, वीना, कौशल्या मौजूद रही।