देव कॉलोनी में पीजी मालिक ने खुद को गोली मारी, गम्भीर
-पीजी से अपने घर रेवाड़ी जाने के लिए निकला था मालिक
-गंभीर अवस्था में मालिक को पीजीआई में कराया गया भर्ती
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। देव कॉलोनी में पीजी मालिक व बीए फाइनल वर्ष के छात्र ने मानसिक रूप से परेशान होने के चलते कार में पिस्तौल से खुद की कनपटी पर गोली मार ली। आनन-फानन में पीजी मालिक को पीजीआई में भर्ती कराया गया। यहां पर उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। मामले की सूचना पाते भी मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार देव कॉलोनी में रेवाड़ी निवासी राहुल पीजी चलाता है। साथ ही वह रोहतक के एक कॉलेज में बीए फाइनल वर्ष का छात्र भी है। परिजनों ने बताया कि पिछले कई दिन से राहुल का मानसिक संतुलन ठीक नहीं था। मंगलवार सुबह घर से परिजनों को बिना बताए ही अचानक लापता हो गया था। उसे तलाश भी किया पर उसका कोई पता नहीं लग सका। जानकारी मिली कि देर शाम राहुल देव कॉलोनी स्थित पीजी पहुंचा। शाम को कार से रेवाड़ी के लिए जाने की बात कहकर यहां से निकला था। इसके बाद कार में कनपटी पर पिस्तौल रखकर खुद को गोली मार ली। पास-पड़ोस के लोगों ने आनन-फानन में उसे पीजीआई में भर्ती कराया। खबर लिखे जाने तक उसकी हालत गंभीर बनी हुई थी।
कोट
देव कॉलोनी में पीजी मालिक द्वारा गोली मारकर आत्महत्या के प्रयास की सूचना मिली थी। पीजीआई में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना की जांच की जा रही है।
-देवेंद्र मान, एसएचओ, थाना पीजीआईएमएस
---
कार में ही पड़ा मिला पिस्तौल
घटना के बाद जांच में कार में ही पिस्तौल पड़ा मिला है। साथ ही कार में खून भी फैला मिला। इसके अलावा कार से नमकीन के पैकेट भी बरामद किए गए।
दोनों भाई भी चलाते पीजी
पुलिस की जांच में पता चला है कि राहुल के दोनों भाई भी रोहतक में ही पीजी चलाते हैं।