जिला जेल में बिजली गुल होने से बंदी परेशान, खाते में नहीं डाले जा पा रहे रुपये
-मुलाकात के लिए जेल पहुंचे परिजन तो बिजली गुल की पता चली बात
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। जिला जेल में पिछले दो दिन से नाममात्र ही बिजली आ पा रही है। इस कारण बंदियों और कैदियों को परेशानी हो रही है। कैदियों और बंदियों के खाते में रुपये भी नहीं डाले जा पा रहे हैं।
सांघी गांव के मनोज, रोहतक निवासी मनीष ने बताया कि वह बुधवार को जेल में बंद अपने परिवार के सदस्य से मिलने के लिए सुनारिया जेल गए थे। जेल में बंदी ने बताया कि दो दिन से जेल में नाममात्र ही बिजली आ रही है। बिजली न आने के कारण कंप्यूटर भी बंद पड़े हैं। इस कारण बंदियों और कैदियों के खाते में भी रुपये नहीं डाले जा पा रहे हैं। उधर, इस संबंध में जेल अधिकारियों से बात करने का प्रयास किया गया पर बात नहीं हो सकी।