एएसआई बोला- भतीजे के नाम बाइक नहीं कराई तो कर दूंगा जिंदगी खराब, आडियो वायरल
-कलानौर पुलिस चौकी पर तैनात एएसआई ने युवक को दी धमकी
-एएसआई के बेटे को बाइक बेचने का मामला
अमर उजाला ब्यूरो
कलानौर। कलानौर के युवक ने 15 हजार में बाइक दूसरे युवक को बेच दी। छह हजार रुपये नकद दे दिए गए। आरोप है कि बाकी के रुपये मांगने पर युवक के कलानौर पुलिस चौकी पर तैनात चाचा एएसआई ने मोबाइल फोन पर कॉल कर उसे झूठे केस में फंसाने की धमकी दी। एएसआई का धमकी भरा ऑडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पीड़ित ने एसपी से शिकायत करते हुए एएसआई के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
कलानौर निवासी नितिन कुमार ने एसपी को शिकायती पत्र देते हुए कहा कि उसने दस दिन पहले निंदाना निवासी अजय को अपनी पल्सर बाइक 15 हजार रुपये में बेच दी थी। छह हजार रुपये उसे नकद दे दिए गए थे, जबकि बाकी के रुपये तीन दिन बाद देने की बात तय की गई थी। वह अजय से रुपये मांग रहा था मगर वह बाकी के रुपये नहीं दे रहा था। आरोप है कि दो दिन पूर्व कलानौर की पुलिस चौकी पर तैनात एएसआई सुरेश कुमार ने उसके मोबाइल फोन पर कॉल की। कहा कि वह अजय का चाचा एएसआई सुरेश बोल रहा है। या तो बाइक भतीजे के नाम करा दे। वरना किसी झूठे केस में फंसवा दिया जाएगा। जिंदगी खराब कर दी जाएगी। आरोप है कि एएसआई ने उसके साथ गाली गलौज भी की। धमकी भरा ऑडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। मामले की शिकायत उसने पुलिस से की, मगर कोई सुनवाई नहीं की। पीड़ित ने एसपी से धमकी देने वाले एएसआई के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। एसपी जशनदीप सिंह रंधावा ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी।
--
धमकी का आरोप बेबुनियाद
एएसआई सतीश कुमार का कहना है कि धमकी देने का आरोप पूरी तरह से बेबुनियाद है। युवक को मैंने सिर्फ बाइक भतीजे के नाम कराने की बात कही थी।