सांपला। झज्जर मार्ग स्थित पीएनबी का एटीएम गैस कटर से काटकर बदमाश 16 लाख रुपये ले उड़े। इसके लिए चोरों ने पास की दुकान के गैस कटर का इस्तेमाल किया। चोरों ने रात भर में आराम से पूरी मशीन काट कर नकदी निकाली। एटीएम की सुरक्षा के लिए रात के समय चौकीदार नहीं था। सुबह घटना की सूचना पुलिस को दी गई। थाना प्रभारी कुलबीर सिंह व चौकी इचार्ज सुभाष कुमार मौके पर पहुंचे और आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज देखी। पुलिस ने बैंक मैनेजर विक्रम सिंह के बयान पर चोरी का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
साथ लगती दुकान से घुसे चोर
एटीएम के साथ कुछ दुकानें हैं। इनके बीच एक संकरी गली है। चोर रात करीब 12 बजे दुकान से अंदर गली में घुसे। यहां एक दुकान का शटर तोड़कर अंदर गए। इसके बाद एटीएम बूथ के पिछले हिस्से से खिड़की उखाड़कर चोर अंदर घुसे। अंदर पहले बिजली का कनेक्शन काटा। फिर साथ लगती एक दुकान के गैस कटर से मशीन को काटा। मशीन को जिस तरह काटा गया, इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि उन्हें करीब तीन से चार घंटे लगे होेंगे। मशीन का एक-एक हिस्सा काट कर अलग कर कैश चेस्ट निकाली और उसमें रखे 16 लाख रुपये निकाल लिए। सुबह दुकानदार दुकान पहुंचे तो घटना का पता लगा। इस बारे में सूचना पुलिस को दी गई।
बैंक मैनेजर विक्रम सिंह ने बताया कि दो दिन ही पहले मशीन में 22 लाख रुपये डाले गए थे। जबकि पांच लाख रुपये बुधवार को बचे थे। एक दिन में एटीएम मशीन से दस से 12 लाख रुपये निकाले जाते हैं। शेष राशि मशीन में बची थी। करीब 16 लाख रुपये बदमाश ले गए। इसके अलावा जिस कंपनी को पैसे डालने का ठेका दिया हुआ है, उससे रिपोर्ट मांगी गई है।
रात को नहीं होता गार्ड
एटीएम पर दिन के समय गार्ड तैनात रहता है। यह रात नौ बजे एटीएम बूथ का शटर बंद कर घर चला जता है। रात को यहां कोई गार्ड तैनात नहीं रहता है। इस कारण यह एटीएम चोरों का निशाना बना।
6 महीने में दूसरी बार काटा गया एटीएम
इलाके में पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था सवालों में घिरी नजर आ रही है। पिछले छह महीने में सांपला थाना इलाके में दूसरी बार एटीएम काटा गया है। इसमें लाखों रुपये चोरी किए गए हैं। अगस्त में मेन बाजार स्थित एक्सिस बैंक का एटीएम चोर गैस कटर से काट कर रुपये ले गए थे। उस मामले में अब तक पुलिस को कोई सुराग नहीं लगा है। दस दिन पहले झज्जर मार्ग पर भी पीएनबी के ताले तोड़कर चोर कैश जमा करने वाली मशीन उठा ले गए थे। बार- बार कस्बे में हो रही चोरी पुलिस की चौकसी पर सवाल उठा रही है।
क्या कहती है पुलिस
थाना प्रभारी कुलबीर सिंह का कहना है कि मामता दर्ज कर लिया गया है। जांच के लिए एक टीम भी लगा दी है। सीसीटीवी की फुटेज ली जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। चोर पुलिस की गिरफ्त में होंगे।