फर्जी आरटीओ बनकर सोनीपत और पानीपत में भी वसूली कर रहा गिरोह
- पुलिस ने दो आरोपियों को किया था गिरफ्तार, पुलिस जांच में आया सामने
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। फर्जी आरटीओ बनकर रोहतक ही नहीं सोनीपत, पानीपत में भी गिरोह वसूली कर रहा है। पुलिस की जांच में यह बातें सामने आई है। पुलिस गिरोह के फरार सदस्यों की भी तलाश में जुट गई है।
हाल ही में अर्बन स्टेट थाना पुलिस ने रोहतक में ओवर लोड वाहनों से फर्जी आरटीओ बनकर वसूली करने वाले गिरोह के दो सदस्यों बोहर निवासी दीपक और मनवीर को गिरफ्तार किया था। जबकि अन्य फरार हो गए थे। पुलिस के अनुसार जांच में पता चला है कि गिरोह रोहतक के अलावा सोनीपत, पानीपत समेत विभिन्न स्थानों पर भी ओवर लोड वाहनों से वसूली करता है। यहीं नहीं रुपये देने से मना करने पर हवालात में डालने की भी धमकी दी जा जाती है। फर्जी पुलिसकर्मियों को भी गिरोह अपने साथ रखता है। अर्बन स्टेट थाना प्रभारी प्रवीण मलिक का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में दबिश दी जा रही है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
---
बाहरी राज्यों के ट्रक चालकों से करते हैं वसूली
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि गिरोह अधिकतर बाहरी राज्यों के ट्रक चालकों से वसूली करता है। गिरोह को आशंका रहती है कि हरियाणा के ट्रक चालकों से वसूली के दौरान कहीं वह हंगामा खड़ा न कर दें। इसलिए दिल्ली, यूपी, राजस्थान के नंबरों वाले ट्रक चालकों से वसूली करना प्राथमिकता में रहता है।