महिला असिस्टेंट प्रोफेसर बोली, पर्सनल सेक्स लाइफ पर कमेंट करता है डायरेक्टर
आईआईएम डायरेक्टर बोले, एक महीने पहले नौकरी से निकाला तो लगाया आरोप
- महिला असिस्टेंट प्रोफेसर का आरोप, भारतीय प्रबंधन संस्थान में छह महीने से किया जा रहा था उत्पीड़न
- विभागीय अधिकारियों से लेकर पीएमओ तक शिकायत भेजी, महिला पुलिस ने दर्ज किया केस
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
आईआईएम में महिला असिस्टेंट प्रोफेसर से छेड़छाड़ व गलत व्यवहार किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि डायरेक्टर ने महिला असिस्टेंट प्रोफेसर के बेहद करीब आकर कमर में हाथ डाला और प्राइवेट पार्ट को छूआ। महिला ने पर्सनल सेक्स लाइफ को लेकर कमेंट करने के साथ विवाहेतर संबंध का दबाव बनाने का भी आरोप लगाया है। महिला पुलिस थाने ने शिकायत पर डायरेक्टर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। इधर, आईआईएम डायरेक्टर ने आरोप लगाने की वजह असिस्टेंट प्रोफेसर को एक महीने पहले नौकरी से निकालना बताया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
उत्तर प्रदेश के लखनऊ जिले की रहने वाली महिला ने महिला पुलिस थाने में अपने उत्पीड़न की शिकायत दी है। इसमें कहा गया है कि वह कई वर्षों से आईआईएम में तैनात है। उसने एक सितंबर 2017 को आईआईएम रोहतक में बतौर असिस्टेंट प्रोफेसर पद पर कार्यभार संभाला। रिपोर्टिंग अथॉरिटी डायरेक्टर धीरज शर्मा को थी। डायरेक्टर से बातचीत हुई तो उसने विवाहेतर संबंध की बात कहते हुए इस बारे में विचार पूछे। उसका इरादा भांपते हुए इस विषय पर बातचीत को अनसुना करना बेहतर समझा। यही नहीं डायरेक्टर ने मेरे पति के साथ सेक्स लाइफ की क्वालिटी पूछी। उसने कहा कि इस दौरान वजन आड़े तो नहीं आता। उसने कई बार अपने साथ नाइट वाक पर चलने को भी कहा। इस पर भी मैं तैयार नहीं हुई। डायरेक्टर एक दिन मेरे बेहद पास आया और कहा कि साड़ी में अच्छी लगती हो। यही पहना करो। उसने कमर में हाथ डाल कर प्राइवेट पार्ट को छुआ। इस पर उसे धक्का देकर दूर किया और अपने बचाव में चिल्लाई। इस पर डायरेक्टर ने मेरे करियर के लिए अच्छा नहीं होने की धमकी दी। यह सिलसिला लगातार जारी रहने से परेशान होकर इसकी शिकायत भी की, मगर कोई सुनवाई नहीं हुई। इस बारे में आईआईएम बोर्ड के अलावा एचआरडी मिनिस्ट्री व पीएमओ को भी पत्र भेजा। शिकायत के बाद डायरेक्टर ने उसे 10 मई को निलंबित कर दिया। अब मोबाइल पर काल करके उस पर समझौते का दबाव बनाया जा रहा है। मना करने पर जान से मारने की धमकी दी जा रही है। महिला ने डायरेक्टर की धमकी भी व अश्लील बातों वाली ऑडियो क्लिप भी अपने पास होने का दावा किया है। इसे जरूरत पड़ने पर सार्वजनिक किया जाएगा।
नौकरी से निकाला तो लगाए आरोप
संस्थान में आई महिला असिस्टेंट प्रोफेसर को नौकरी से निकाल दिया गया है। यह फैसला पिछले महीने लिया गया। नौकरी के निकालने के बाद वह संस्थान और उसे बदनाम कर रही है।
- डॉ. धीरज शर्मा, डायरेक्टर, आईआईएम।
महिला असिस्टेंट प्रोफेसर की शिकायत पर आईआईएम के डायरेक्टर डॉ. धीरज शर्मा के खिलाफ छेड़छाड़ का केस दर्ज की लिया है। पीड़िता के बयान ले लिए हैं। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
-गरिमा, एसएचओ, महिला थाना