महम के पूर्व नपा चेयरमैन और चार पार्षदों पर धोखाधड़ी का केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
महम (रोहतक)।
एक शिक्षक ने महम के पूर्व नपा चेयरमैन और चार पार्षदों के खिलाफ धोखाधड़ी कर केस दर्ज करवाया है। महम थाना पुलिस ने मामले में कार्रवाई की है। आरोपी चेयरमैन और पार्षद कांग्रेस समर्थित बताए गए हैं।
पुलिस में दी शिकायत में परस वाला मोहल्ला निवासी बंसीलाल ने बताया कि वह भैणी महाराजपुर के राजकीय प्राथमिक स्कूल में जेबीटी शिक्षक है। शिक्षक के पद पर चयन होने से पहले वह पूर्व नपा प्रधान जगबीर बहमनी के पास नौकरी करता था। बंसीलाल का आरोप है कि उसकी नौकरी लगने के बाद जगबीर उससे रंजिश रखने लगा। जगबीर ने प्रधान पद खत्म हो जाने के बाद भी मोहर अपने पास रखी। पूर्व नपा प्रधान ने उसका तीन जनवरी 2011 से 19 सितंबर 2016 तक महम से बेड़वा तक दैनिक यात्री प्रमाण पत्र बनवा दिया। ताकि उसकी नौकरी चली जाए। जांच में पता चला कि प्रमाण पत्र झूठा है।
कार्यभार छोड़ने के बाद बनाया प्रमाणपत्र
शिक्षक का आरोप है कि पूर्व नपा प्रधान जगबीर ने तत्कालीन पार्षद सुनीता खुराना, मनोज कुमार शंपी, संतोष देवी और अनिल चावरिया के साथ मिलकर उसके खिलाफ आपराधिक साजिश रचकर झूठे दस्तावेज तैयार करके ब्लैकमेल करने का प्रयास किया। इन लोगों ने झूठा प्रमाण पत्र पेश कर विभाग से एचआरए लेने की शिकायत शिक्षा विभाग से की थी। शिक्षक का कहना है कि जो प्रमाण पत्र बनाया गया है वह प्रधान द्वारा कार्यभार छोड़ देने के बाद तैयार किया गया है।
पांचों के खिलाफ केस दर्ज
महम चौकी प्रभारी रामनिवास का कहना है कि शिक्षक की शिकायत पर नपा के पूर्व प्रधान जगबीर सहित पार्षद सुनीता खुराना, मनोज शम्पी, संतोष देवी, अनिल चावरिया के खिलाफ धोखाधड़ी और साजिश में शामिल होने का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उन्होंने कुछ गलत नहीं किया - पूर्व प्रधान
इस बारे में पूर्व नपा प्रधान जगबीर बहमणी का कहना है कि शिक्षक ने महम अपने घर में रहते हुए विभाग से नाजायज तरीके से एचआरए ली है। जिसकी आरटीआई से सूचना प्राप्त की गई है। उन्होंने कोई ऐसा काम नहीं किया जिससे उनके खिलाफ मामला दर्ज हो।
बने थे कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार
बताया गया है कि आरोपी चेयरमैन और पार्षदों को चुनाव के दौरान कांग्रेस का समर्थन प्राप्त था। प्रधानी लिए जगबीर का नाम चेयरमैन ने ही दिया था।