रोहतक। क्षेत्र के खिड़वाली गांव में शुक्रवार की देर रात 10 लोगों ने पिस्तौल के बल पर किसान समेत तीन साथियों से एक लाख रुपये की नकदी और सोने की चेन लूट ली। विरोध करने पर तीनों के साथ मारपीट की गई। घायलों को पीजीआई व प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर सदर थाने पर केस दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
खिड़वाली गांव के रहने वाले दीपक ने सदर थाना पुलिस को बताया कि वह गांव में ही खेतीबाड़ी करता है। बताया कि शुक्रवार की रात करीब आठ बजे घर से एक लाख रुपये लेकर गांव के सत्यवान को देने के लिए जा रहा था। रास्ते में उसे उसके दोस्त मंजीत और शंकर भी मिल गए। तीनों सत्यवान के घर जा रहा था। बताया कि जैसे ही वह कुएं के पास पहुंचा तो 10 लोगों ने उनकी बाइक को रुकवाकर पिस्तौल के बल पर उससे एक लाख रुपये, सोनू की चेन लूट ली। इस दौरान राड से भी हमला किया गया। इसके बाद जान से मारने की धमकी देते हुए आरोपी फरार हो गए। घायल दीपक को पीजीआई में भर्ती कराया गया जबकि दो अन्य का प्राइवेट अस्पताल में उपचार कराया गया। दीपक की शिकायत पर अजय, विजय, मोहित और रोहित समेत दस के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। सदर थाना प्रभारी सोहनपाल सिंह का कहना है कि पुलिस हर एंग्ल से मामले की जांच कर रही है। वहीं, आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।