अभिषेक शर्मा, अमर उजाला, अलीगढ़।
यमुना पट्टी और हरियाणा सीमा पर बसे टप्पल की जिस मासूम संग दरिंदगी देश की सुर्खियों में शामिल हुई। उसी मासूम के परिवार का दर्द अब रागिनी के सुरों में छलकता हुआ यू-ट्यूब पर सुनाई दे रहा है।
देशज गायन परंपरा को संभाल रही टप्पल क्षेत्र के ही नेकपुर गांव की रागिनी गायक सोनू और सुषमा की जोड़ी ने यह रागिनी ‘थी तीन साल की बच्ची, जिस पे ये जुल्म है ढहाया’ गायी है, जिसे दिल्ली के एक स्टूडियो में रिकार्ड किया गया है।
शनिवार दोपहर तक इस रागिनी को 2 लाख से ज्यादा लोग देख चुके हैं। सबसे खास बात है कि टप्पल क्षेत्र में यह रागिनी बेहद चर्चाओं में है और लोग इसमें शामिल दर्द को परिवार से जोड़कर देख रहे हैं।
इलाके के ही रागिनी लेखक हरिराम बैसला गुरूजी द्वारा लिखी गई इस रागिनी को राज भारती एंड पार्टी द्वारा म्यूजिक दिया गया है और दिल्ली के स्टूडियो में इसे रिकार्ड किया गया।
इसमें रागिनी गायक जोड़ी सोनू व सुषमा बताती हैं कि किस तरह सरकार के बेटी पढ़ाओ-बेटी बचाओ अभियान को इस तरह की घटनाओं में शामिल दरिंदे पलीता लगा रहे हैं।
यह रागिनी 12 जून को यू-ट्यूब पर अपलोड की गई है। इसे शनिवार शाम तक 2 लाख 10 हजार 99 लोग देख चुके हैं।