स्नैचर पकड़ने गई पुलिस पार्टी पर हमला, हवलदार के कपड़े फाड़े
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। हथियार के बल पर युवक से सोने की चेन छीनने के मामले में आरोपी को पकड़ने खेड़ी महम गई पुलिस पार्टी को परिजनों का विरोध झेलन पड़ा। आरोपी के परिजनों ने पुलिस के जवानों पर हमला बोल दिया। इनमें महिलाएं भी शामिल रहीं। पुलिस ने एक पुरुष आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इनके खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने व जानलेवा हमला करने का केस दर्ज कर लिया गया है।
दरअसल, महम पुलिस को किसी ने सूचना दी कि मोनू नाम का युवक चेन स्नेचिंग मामले में वांछित है। इस पर टीम गठित कर छापा मारने के लिए रवाना की गई। टीम आरोपी के घर के बाहर पहुंची। यहां आरोपी मोनू के अलावा उसका पिता, दो लड़कियां नजर आए। इन्होंने टीम के वहां पहुंचते ही हमला कर दिया। इन्होंने लात घूंसे से जवानों को पीटा। हवलदार कुलदीप के कपड़े फाड़ डाले। इस हंगामे के दौरान आरोपी मोनू को गिरफ्तार करने में टीम सफल रही। उसे थाने लाए। इससे पूछताछ की जा रही है। पूछताछ में उसने हमलावर लड़कियों के नाम अपनी बहन मोनिका व सोनिका के रूप में बताए। इन सभी पर पुलिस पार्टी पर हमला करने, सरकारी काम में बाधा डालने व जान से मारने की धमकी देने का केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, महम थाने में 31 मार्च 2017 को एक केस दर्ज किया गया। इसमें सोनू नाम युवक ने कहा है कि कुछ हथियारबंद लोगों पर उसकी सोने की चेन छीन ली। इससे पहले युवकों ने उसका पीछा किया। इन्होंने युवक की स्कूटी छीनने का भी प्रयास किया। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।