रावलधी फायरिंग कांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार
कोर्ट में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया, अवैध पिस्तौल, लोहे की रॉड व एक बाइक भी आरोपियों से बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी।
चार दिन पूर्व गांव रावलधी निवासी एक व्यक्ति पर फायरिंग करने के मुख्य आरोपी को सदर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को पुलिस ने न्यायालय में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में प्रयोग की गई पिस्तौल, लोहे की रॉड व एक बाइक बरामद की है। इस मामले के दोनों आरोपी प्रवीण व सोमबीर को पुलिस अब जेल भेज चुकी है जबकि दो गिरफ्तारियां होनी अभी बाकी है।
गौरतलब है कि गांव रावलधी निवासी संदीप कुमार एक जून शाम करीब पांच बजे घर के सामने ही एक दुकान पर बैठा हुआ था। इसी दौरान गांव के ही चार युवक बाइक पर सवार होकर वहां आए। उक्त युवकों ने आते ही लोहे की रॉड से संदीप पर वार करने शुरू कर दिए। इसी दौरान संदीप की चीख-पुकार सुनकर उसका चाचा सुरेश उसे बचाने के लिए वहां पहुंचा। सुरेश के वहां पहुंचते ही हमलावरों में से एक ने रिवाल्वर निकालकर सुरेश पर फायर झोंक दिया। इस दौरान गोली सुरेश के पैर में लगी और गंभीर हालत में घायल चाचा-भतीजे को प्राथमिक उपचार के बाद सिविल अस्पताल से रोहतक पीजीआई रेफर किया गया था। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने दादरी-रोहतक मार्ग को डेढ़ घंटे तक जाम लगाकर बाधित रखा था। इसके तुरंत बाद पुलिस ने एक आरोपी सोमबीर को गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस ने आरोपी सोमबीर को कोर्ट में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया था। वहीं, अब पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी प्रवीण को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर पूछताछ के लिए एक दिन के रिमांड पर लिया था। पुलिस ने रिमांडवधि के दौरान प्रवीण की निशानदेही पर एक 32 बोर अवैध पिस्तौल, लोहे की रॉड व एक सीडी डिलक्स बाइक बरामद की है। सदर थाना प्रभारी उदमीराम ने बताया कि दो आरोपियों को हम अब तक गिरफ्तार कर जेल भेज चुके है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तार के लिए भी पुलिस प्रयास कर रही है।