ग्रामीणों ने किया शहर में प्रदर्शन
चरखी दादरी।
चरवाहे के साथ कपूरी मंदिर में साधुओं द्वारा मारपीट मामले में गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज मौड़ी के ग्रामीणों ने शहर में रोष प्रदर्शन किया। इसके बाद उन्होंने एसपी सुनील दलाल को ज्ञापन सौंप कार्रवाई की मांग की। इस दौरान ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और मांगे पूरी होने तक लघु सचिवालय में धरना शुरू कर दिया। जिसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी साधु को गिरफ्तारी कर लिया और धरना समाप्त करवा दिया।
गौरतलब है कि गांव मौड़ी निवासी चरवाहा कृष्ण कुमार 24 मई को बकरियों को कपूरी की तरफ चारा खिलाने के लिए गया हुआ था। पीड़ित ने आरोप लगाया कि वहां कपूरी मंदिर में साधु सोमनाथ व राजूनाथ ने उसको जाति सूचक शब्द कहे और मारपीट भी की। पीड़ित की शिकायत पर सदर थाना पुलिस ने साधु राजूनाथ और सोमनाथ पर केस दर्ज किया था। पीड़ित लोगों की ओर से पुलिस प्रशासन पर मिलीभगत का आरोप लगने पर पुलिस ने दोनों साधुओं की जगह अन्य मनीषनाथ को गिरफ्तार कर लिया था लेकिन लोगों ने दोनों साधुओं को गिरफ्तार करने की मांग रखी और लघु सचिवालय के बाहर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर धरना शुरू कर दिया। शाम करीब 5 बजे डीएसपी सुरेश हुड्डा धरना दे रहे लोगों के पास पहुंचे और साधु सोमनाथ के गिरफ्तार करने की जानकारी दी। इसके बाद ग्रामीणों ने मामले के जांच अधिकारी पर भी आरोप लगाए की उन्होंने जाति सूचक शब्द बोलने पर एससीएसटी धारा नहीं लगाई। ऐसे में डीएसपी हुड्डा ने यह भी मांग मानते हुए धारा जुड़वाने व आईओ पर कार्रवाई करने और दूसरे साधु राजूनाथ को भी जल्द गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने धरना खत्म कर दिया। इस दौरान सोमबीर, राजकुमार, बिजेंद्र कुमार, राजेश, मलखान, राजबीर, कृष्ण, इंद्रजीत, हरिप्रकाश, अमरजीत, बिजेंद्र, राकेश व प्रदीप आदि मौजूद थे।